झाबुआ के रानापुर, झकनावदा, खवासा में भगोरिया मेला:ढोल-मांदल की थाप पर थिरके ग्रामीण, कांग्रेस-बीजेपी नेताओं ने निकाली गैर

झाबुआ के रानापुर, झकनावदा, खवासा में भगोरिया मेला:ढोल-मांदल की थाप पर थिरके ग्रामीण, कांग्रेस-बीजेपी नेताओं ने निकाली गैर

झाबुआ जिले के रानापुर, झकनावदा और खवासा में शनिवार को भगोरिया मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान लोक संस्कृति का उल्लास देखने को मिला, जहां हजारों ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। रानापुर जनपद की 46 पंचायतों के 96 गांवों से आए ग्रामीणों की भीड़ के कारण मेला स्थल छोटा पड़ गया। चारों ओर ढोल-मांदल की थाप गूंजती रही, जिस पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया। हाट-बाजार में खाने-पीने की चीजों और साज-सज्जा की दुकानों पर भी भारी भीड़ देखी गई। कांग्रेस नेताओं ने निकाली गैर इस सांस्कृतिक महापर्व के बीच राजनीतिक दलों ने भी अपनी सक्रियता दिखाई। कांग्रेस की ओर से आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में 151 मांदल के साथ एक विशाल गैर निकाली गई। बस स्टैंड पर पहुंचने पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मांदल की थाप पर नृत्य किया, जहां वरिष्ठ नेताओं का साफा पहनाकर स्वागत किया गया। भाजपा नेता भी पहुंचे वहीं, भाजपा की गैर में सांसद अनिता नागरसिंह चौहान और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सहित जिलाध्यक्ष भानू भूरिया और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। सामाजिक संगठन जयस ने भी सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार की मौजूदगी में नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए बस स्टैंड तक अपनी गैर निकाली। भगोरिया का यही उत्साह झकनावदा में भी देखने को मिला। यहां भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में गैर निकाली गई, जिसमें अजमेरसिंह भूरिया खुद मांदल बजाते नजर आए। दूसरी ओर, कांग्रेस ने पूर्व विधायक वालसिंह मेड़ा के नेतृत्व में अपनी गैर के जरिए जनसमर्थन का प्रदर्शन किया। झकनावदा की सड़कों पर आदिवासी समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में गोल घेरा बनाकर नाचते दिखे, जिससे पूरा वातावरण लोक संगीत के जादू से भर उठा। खवासा में विधायक वीरसिंह भूरिया के नेतृत्व में गैर निकली, जिसमें प्रतिनिधि गुड्डू मुनिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *