RR vs MI: मुंबई की लगातार दूसरी हार के बाद भड़के कप्तान हार्दिक पंड्या, अपने इन प्‍लेयर्स पर फोड़ा हार का ठीकरा

RR vs MI: मुंबई की लगातार दूसरी हार के बाद भड़के कप्तान हार्दिक पंड्या, अपने इन प्‍लेयर्स पर फोड़ा हार का ठीकरा

RR vs MI Match Highlights: राजस्थान रॉयल्स ने बारिश से प्रभावित इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ आरआर ने इस सीजन में जीत की हैट्रिक लगा दी है। यह टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, सातवें पायदान पर मौजूद एमआई को दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। बारिश के चलते मैच की पहली गेंद रात 10 बजकर 10 मिनट पर फेंकी गई। इस दौरान 9-9 ओवरों की कटौती हुई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 11 ओवरों में 3 विकेट खोकर 150 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। मैच के बाद हार्दिक पंड्या ने अपने गेंदबाजों पर नाराजगी जताते हुए उन्‍हें हार का जिम्‍मेदार ठहराया।

हमारे गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी- पंड्या

मैच के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा कि पावरप्ले में हमने वो गेंदें नहीं डालीं, जो हमें डालनी चाहिए थीं। उन्होंने अच्छा खेला। हमारे गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी। एक बॉलिंग ग्रुप के तौर पर हम बिल्कुल भी उम्मीद के मुताबिक नहीं थे। उन्होंने जबरदस्त क्रिकेट खेला।

‘मैं इस हार का ठीकरा बैटिंग पर नहीं फोड़ूंगा’

क्या बैटिंग का तरीका बेहतर होना चाहिए था? इस पर उन्‍होंने कहा कि मैं इस हार का ठीकरा बैटिंग पर नहीं फोड़ूंगा। यह निश्चित रूप से बॉलिंग यूनिट की ज़िम्मेदारी थी। यह टी20 क्रिकेट है, इसमें हमेशा सही गेंदें डालना जरूरी होता है। अगर आप 27 रन देखें, तो इसका मतलब है कि हम पांच अच्छी गेंदों और पांच कम छक्कों की बात कर रहे हैं। अगर हमने सही गेंदें डाली होतीं, तो हम मैच में बने रहते। लेकिन, उनके ओपनर्स ने कुछ ओवरों में हम पर दबाव बनाया और हमें मैच से बाहर कर दिया। उसके बाद हम पूरे समय पिछड़ते रहे और हम लक्ष्य से पीछे रह गए।

‘वैभव को खेलते देखना वाकई दिलचस्प’

उन्‍होंने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा कि 16 या 17 साल के लड़के को इस तरह खेलते देखना वाकई दिलचस्प है। जिस तरह से वह बैटिंग करता है, उसमें जो निडरता है और जिस तरह के शॉट्स वह खेलता है, उसे देखना कमाल का अनुभव है। मैं उसके भविष्य के लिए उसे ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।

‘अगले मैच के लिए अच्छी तैयारी करो’

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अगले मैच को लेकर क्‍या कहेंगे? इस पर पंड्या ने कहा कि बस अपनी गलतियों से सीखना है। कल सुबह होगी, सूरज निकलेगा। बस अपनी गलतियों से सीखो और अगले मैच के लिए अच्छी तैयारी करो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *