ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने सवारियों के साथ लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी किराए पर गाड़ी लेकर लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों को लूटते थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने लूट के 20 मोबाइल फोन, तमंचे, चाकू और नकदी बरामद की है। इसके अलावा, घटना में इस्तेमाल की गई दो कारें भी जब्त की गई हैं। यह गिरोह नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय था। आरोपी सवारियों को लिफ्ट देते थे और फिर हथियार के बल पर उनसे लूटपाट कर उन्हें सुनसान जगह पर फेंककर फरार हो जाते थे। थाना सूरजपुर पुलिस ने अंकित, दीपांशु, तरुण, नवाब और मोहित को सेक्टर ईटा-01 के पास से गिरफ्तार किया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है। ये लोग ग्रेटर नोएडा, नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में रात के समय गाड़ियों में घूमते थे। लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों को गाड़ी में बैठाकर उनके साथ मारपीट की जाती थी और उनके मोबाइल फोन, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लूट लिए जाते थे। आरोपी रात में काम पर जा रही टैक्सियों के चालकों के सामने जानबूझकर गाड़ी लहराकर चलाते थे। रोके-टोके जाने पर वे चालकों से मारपीट कर उनके मोबाइल फोन, नकदी और जरूरी सामान छीन लेते थे। आरोपी घटनाओं में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियां मुख्य रूप से किराए पर लेते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे इन गाड़ियों को उनके मालिकों को वापस कर देते थे। इस तरह वे बदल-बदल कर किराए की गाड़ियां लेकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम देते थे। लूट के पैसों से वे अपने शौक पूरे करते थे। हाल ही में उन्होंने थाना क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम दिया था। डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने आज एक प्रेस वार्ता के दौरान इस गिरोह का खुलासा करते हुए विस्तृत जानकारी दी।


