250 रुपये बकाया जमा, फिर भी 7 दिन अंधेरे में रहा परिवार, बिजली विभाग के शिविर में खुली लापरवाही की पोल

250 रुपये बकाया जमा, फिर भी 7 दिन अंधेरे में रहा परिवार, बिजली विभाग के शिविर में खुली लापरवाही की पोल

लखनऊ में बिजली विभाग के शिकायत निवारण शिविरों में उपभोक्ताओं की परेशानियां खुलकर सामने आ रही हैं। हुसैनगंज के रहने वाले एक उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि मामूली बकाया जमा करने के बावजूद उनका बिजली कनेक्शन एक सप्ताह तक नहीं जोड़ा गया। शुक्रवार को विभागीय शिविर में मामला पहुंचने पर जांच हुई। कुछ ही मिनटों में बिजली बहाल कर दी गई। वहीं शहर के अलग-अलग जोनों में सैकड़ों उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

राजधानी लखनऊ में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। हुसैनगंज क्षेत्र के रहने वाले नफीस शुक्रवार को विभाग द्वारा लगाए गए शिकायत समाधान शिविर में पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी परेशानी रखी। उन्होंने बताया कि आठ मई को उनके घर की बिजली काट दी गई थी। बाद में उन्होंने करीब 250 रुपये का बकाया जमा भी कर दिया। लेकिन इसके बावजूद कई दिनों तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के सामने पहुंचा मामला कुछ ही मिनट में बहाल हुई बिजली

नफीस का कहना था कि भुगतान करने के बाद वह लगातार स्थानीय बिजली उपकेंद्र के चक्कर लगाते रहे। उन्होंने अवर अभियंता से लेकर अधिशासी अभियंता तक अपनी बात पहुंचाई। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। परिवार को आठ मई से 15 मई तक बिना बिजली के रहना पड़ा। भीषण गर्मी में पूरे परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को जब मामला शिविर में पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आया तो जांच में पाया गया कि उपभोक्ता द्वारा बकाया राशि पहले ही जमा की जा चुकी थी। इसके बाद मीटर से जुड़ी कंपनी को निर्देश दिया गया। कुछ ही मिनटों में बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई। इस दौरान उपभोक्ता को भुगतान की रसीद भी दिखानी पड़ी।

107 मामलों में मौके पर हुआ समाधान

शहर के अलग-अलग बिजली जोनों में लगाए गए इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। गोमती नगर, अमौसी, जानकीपुरम और लखनऊ मध्य क्षेत्र समेत कई इलाकों में देर शाम तक 361 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 107 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

सबसे ज्यादा शिकायतें मीटर से जुड़ी आई

शिविरों में बिजली मीटर से जुड़ी समस्याएं सबसे ज्यादा सामने आईं। सेक्टर-14 स्थित बिजली उपकेंद्र पहुंचे एक उपभोक्ता ने बताया कि उनके मीटर से आउटगोइंग सप्लाई नहीं मिल रही है। वहीं कुछ लोगों ने प्रीपेड मीटर रिचार्ज में आ रही दिक्कतों की शिकायत की। कई उपभोक्ताओं ने जले हुए मीटर और गलत रीडिंग को लेकर भी अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।

22 मई तक लगेगा शिविर, उपभोक्ताओं की समस्या का होगा समाधान

बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए यह विशेष शिविर 22 मई तक जारी रहेंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन शिविर नहीं लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *