IPL 2026 के बाद भारत के खिलाफ टेस्ट मैच नहीं खेलना चाहते राशिद खान, खुद बताई वजह

IPL 2026 के बाद भारत के खिलाफ टेस्ट मैच नहीं खेलना चाहते राशिद खान, खुद बताई वजह

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ गुजरात टाइटंस की जीत में अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने अहम भूमिका निभाई है। उन्‍होंने चार ओवर में सिर्फ 17 रन खर्चते हुए तीन महत्‍वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के लिए उन्‍हें प्‍लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाजा गया। लेकिन, राशिद ने भारत के खिलाफ जून में होने वाले एकमात्र टेस्ट में खेलने पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि रेड-बॉल क्रिकेट उनकी लंबी करियर की संभावनाओं के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

‘डॉक्टर ने मुझसे टेस्‍ट क्रिकेट से दूर रहने को कहा है’

राशिद ने कहा कि मुझे लगता है कि मैं पहले भी एक टेस्ट खेल चुका हूं। अब मैं बस आराम से खेलूंगा। मैं नहीं चाहता कि मेरी पीठ में कोई इंजरी हो। मैं 100 टेस्ट मैच नहीं खेल सकता। रेड-बॉल क्रिकेट थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि मेरे डॉक्टर ने मुझसे कहा था कि इससे दूर रहो। फिर भी मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 67 ओवर फेंके, जिससे डॉक्टर हैरान रह गए।

खुद को वनडे विश्व कप के लिए तैयार करना चाहते हैं राशिद

उन्होंने स्पष्ट किया कि वनडे क्रिकेट मुझे पसंद है और मेरा ध्यान इस फॉर्मेट पर है। मैं इसमें लंबे समय तक खेल सकता हूं। मुझे रेड-बॉल क्रिकेट को लिमिटेड रखना पड़ेगा। साल में एक टेस्ट है तो मैं उसे खेल लूं, लेकिन उससे ज्यादा मैनेज करना मेरे लिए काफी मुश्किल होगा। राशिद ने कहा कि अगर मैं टीम का हिस्सा हूं तो पूरे दिन गेंदबाजी करनी पड़ेगी। मुझे सावधानी बरतना है और खुद को वनडे विश्व कप के लिए तैयार करना है।

अफगानिस्तान के 12 टेस्ट में सिर्फ छह खेले हैं राशिद

दिग्गज लेग स्पिनर के बयान से स्पष्ट हो गया है कि भविष्य में वह अपना फोकस वनडे और टेस्ट पर रखना चाहते हैं। बता दें कि राशिद ने अब तक अफगानिस्तान के 12 टेस्ट में सिर्फ छह में हिस्सा लिया है और आखिरी बार जनवरी 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में खेला था। 2023 वनडे विश्व कप के बाद उनकी पीठ की सर्जरी ने रेड-बॉल क्रिकेट में उपलब्धता सीमित कर दी है।

6-10 जून तक न्‍यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा एकमात्र टेस्‍ट

आईपीएल 2026 की समाप्ति के बाद अफगानिस्तान और भारत के बीच न्यू चंडीगढ़ में 6-10 जून तक एकमात्र टेस्ट खेला जाना है। राशिद खान आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। बुधवार अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में हुए मुकाबले में उन्होंने दिल्ली के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में यादगार भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *