अशोकनगर में यूजीसी नियम लागू करने रैली निकाली:ओबीसी, एससी, एसटी समुदाय के लोग पहुंचे; कहा- संवैधानिक मूल्य बनाए रखें

अशोकनगर में यूजीसी नियम लागू करने रैली निकाली:ओबीसी, एससी, एसटी समुदाय के लोग पहुंचे; कहा- संवैधानिक मूल्य बनाए रखें

अशोकनगर में शनिवार को ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग ने यूजीसी के समर्थन में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। ओबीसी, एससी, एसटी एकता मंच के आह्वान पर पछाड़ीखेड़ा स्थित विमानों के चबूतरा परिसर में सुबह 11 बजे से शाम 4.30 बजे तक एक विशाल सभा का आयोजन किया गया। इसमें जिलेभर सहित आसपास के जिलों से भी सैकड़ों लोग शामिल हुए ।सभा में मंच से समाज के प्रमुख वक्ताओं ने संविधान प्रदत्त अधिकारों, सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व के मुद्दों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बताया कि शिक्षा, रोजगार, प्रशासन और न्यायपालिका सहित विभिन्न क्षेत्रों में पिछड़े वर्गों को अभी भी संरचनात्मक भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यूजीसी को पूर्ण रूप से लागू रखने और इससे जुड़े प्रावधानों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने की मांग दोहराई। सभा के बाद सभी प्रतिभागी रैली के रूप में शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि दीनाभाना जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस महासम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक, आर्थिक विषमताओं को समाप्त करना और शासन स्तर पर लंबित जनहितकारी मुद्दों पर लोकतांत्रिक संवाद स्थापित करना है। मुख्य मांगों में यूजीसी को पूर्ण रूप से लागू करना, ओबीसी का 13 प्रतिशत होल्ड हटाना, विधानसभा व लोकसभा में राजनीतिक आरक्षण लागू करना, जातीय जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ना और बैकलॉग पदों पर भर्ती करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, ग्वालियर हाईकोर्ट में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने, शासकीय सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण, सफाई कामगारों को नियमित करने, लंबित छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान, आउटसोर्स नियुक्ति बिल निरस्त करने और ओबीसी प्रोटेक्शन एक्ट बनाने की मांग भी रखी गई। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि शासन संवेदनशीलता के साथ इन मांगों पर त्वरित निर्णय ले, ताकि सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूती मिल सके। उन्होंने मीडिया को बताया कि इस कार्यक्रम को ‘ओबीसी एससी एसटी मंच’ नाम दिया गया था, और यह मंच अपने हक अधिकारों को लेकर लगातार मांग करता रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *