Rajasthan Weather : धोरों से भी ज्यादा तप रहा हाड़ौती, पारा @ 42 डिग्री

Rajasthan Weather : धोरों से भी ज्यादा तप रहा हाड़ौती, पारा @ 42 डिग्री

आमतौर पर सबसे ज्यादा गर्म रहने वाले पश्चिमी राजस्थान के रेतीले धोरों से भी इस बार हाड़ौती का पठारी क्षेत्र आगे निकल गया है। सोमवार को कोटा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री बढ़कर 26.4 डिग्री पहुंच गया, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, बाड़मेर का तापमान 41.8 डिग्री, जैसलमेर में 41.1 डिग्री, फलौदी में 41.2 डिग्री और चितौड़गढ़ में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि इस समय प्रदेश का पठारी क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में है और तापमान के मामले में रेतीले इलाकों को पीछे छोड़ रहा है।

रात के पारे में भी वृदि्ध

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम के कारण दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी वृद्धि हो रही है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और रात में भी उमस के चलते आराम मिलना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

इनको बचने की जरूरत

– बुजुर्ग, बच्चे व बीमार व्यक्ति गर्मी के शिकार हो सकते हैं।

– लंबे समय तक धूप में रहने वाले व भारी काम करने वाले लोगों में बीमारी की संभावना बढ़ जाती है।

– उष्ण लहर का असर पालतू पशु पक्षियों व वन्यजीवों पर भी हो सकता है।

यह बचाव जरूरी

गर्मी से बचें व छायादार स्थान पर रहे।

निर्जलीकरण से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिए।

ओआरएस, घर का बना पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी आदि का प्रयोग खुद को हाइड्रेट रखने के लिए कर सकते हैं।

पशुओं पक्षी को बचाने की जरूरत है।

अगले पांच दिन और बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में ऊष्ण लहर (हीट वेव) चलने की भी संभावना है।

ऐसे बढ़ा पारा

13-38.3

14-41.5

15-41.1

16-41.6

17- 41.1

18-42.2

19- 42.1

20-42.0

अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *