सहारनपुर में पंजाबी वेलफेयर संगठन ने बुधवार को कोर्ट रोड स्थित सैठी रेस्टोरेंट एवं चाप सभागार में वैसाखी पर्व मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष नीरज अरोड़ा ने की, जबकि संचालन महामंत्री संजय खन्ना और विपिन बजाज ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संगठन के बड़ी संख्या में सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और नए सदस्यों को जोड़ना था। अध्यक्ष नीरज अरोड़ा ने अपने संबोधन में वैसाखी पर्व के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह त्योहार नई फसल की कटाई के साथ खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक है। इस दिन पंजाबी समाज के लोग नए वस्त्र पहनते हैं और भंगड़ा-गिद्धा जैसे पारंपरिक नृत्य करते हैं। महामंत्री संजय खन्ना और विपिन बजाज ने कहा कि वैसाखी को मेष संक्रांति के रूप में भी जाना जाता है। यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को बढ़ावा देता है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को एकजुट रहने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने मिलकर भंगड़ा किया और पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने एक-दूसरे को बधाइयां दीं। पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। इस मौके पर अध्यक्ष नीरज अरोड़ा, महामंत्री संजय खन्ना व विपिन बजाज, चेयरमैन कुनाल गुलाटी, बाबाजी अनिल कालड़ा, संरक्षक रोहित घई, पार्षद प्रतिनिधि अक्षु छाबड़ा, नितिन बजाज, हर्ष खुराना, अजय ठकराल, संदीप बजाज, जितेन्द्र चावला, नितिन बुद्धिराजा, वरुण सेठी, अमित धींगरा, प्रदीप भटेजा, चंदन अरोड़ा, जय अरोड़ा, बबलू बुद्धिराजा, क्रिश बुद्धिराजा, समीर बजाज और गुरु मन सिंह सहित अनेक सदस्य मौजूद थे।


