Pune Metro Line 3 का उद्घाटन करेंगे PM Modi, 4 नए कॉरिडोर की रखेंगे नींव

Pune Metro Line 3 का उद्घाटन करेंगे PM Modi, 4 नए कॉरिडोर की रखेंगे नींव

पुणे, दो नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शिवाजीनगर और हिंजेवाड़ी को जोड़ने वाली पुणे मेट्रो की लाइन-3 का उद्घाटन करेंगे तथा मेट्रो नेटवर्क के दूसरे चरण के तहत चार नये कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रवण हार्डीकर ने सोमवार को यह जानकारी दी। हार्डीकर के मुताबिक, बालेवाडी खेल परिसर के बैडमिंटन कोर्ट में मंगलवार सुबह 10:30 बजे मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं सुनेत्रा पवार, स्थानीय सांसद, विधायक, पुणे के महापौर और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार, मोदी पुणे मेट्रो की लाइन-3 (पिंक लाइन) का उद्घाटन करेंगे और दूसरे चरण के तहत लगभग 21,800 करोड़ रुपये के कुल निवेश से बनने वाले चार नये मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री अपराह्न 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पिंक लाइन कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।

इस लाइन को 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पुणे मेट्रो की नयी पिंक लाइन की क्या खासियत है? तेईस किलोमीटर लंबी यह लाइन हिंजेवाड़ी के आईटी हब को शिवाजीनगर से जोड़ती है।

इसका संचालन महिलाएं करेंगी। इसकी करीब एक-तिहाई बिजली जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी करने की योजना है। आठ हजार तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना का उद्घाटन कल किया जाएगा।

उन्होंने लाइन को पुणे के लोगों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *