प्रयागराज मंडल में 8 मई को यात्रियों के लिए नि:शुल्क शीतल पेयजल सेवा शुरू की गई। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के मद्देनजर यह पहल 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से की गई है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में यह व्यवस्था संचालित की जा रही है। रेलवे प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से यात्रियों को स्टेशन परिसरों में स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना, साथ ही सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना को मजबूत करना है। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत मिर्जापुर स्टेशन पर जयहिंद मानवाधिकार संगठन एवं भला मानुष सेवा समिति, फिरोजाबाद स्टेशन पर भारत विकास परिषद, शिकोहाबाद में शिव सुंदर कांड सेवा समिति तथा अलीगढ़ जंक्शन पर डॉक्टर आली मुस्तफा मानव उपकार संगठन द्वारा पेयजल सेवा दी जा रही है। वहीं, हाथरस जंक्शन पर रामगोपाल दीक्षित मंदबुद्धि एवं दिव्यांग सशक्तिकरण संस्था, फफूंद स्टेशन पर महंत सीताराम और सूबेदारगंज स्टेशन पर भारत स्काउट एंड गाइड सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, गोविंदपुरी और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रैपिडो संस्था, इटावा जंक्शन पर दहेज निवारण एवं समाज कल्याण परिषद तथा भारत विकास परिषद, फतेहपुर स्टेशन पर रेडक्रॉस सोसायटी, मानिकपुर में आदिवासी सेवा संस्थान, खुर्जा स्टेशन पर शारदा देवी निष्काम सेवा मंडल और टूंडला जंक्शन पर “आप और हम राष्ट्रीय भ्रष्टाचार अपराध मुक्ति संगठन” द्वारा यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराया जा रहा है। यात्रियों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए रेलवे प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा के लिए ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे और अधिक से अधिक सामाजिक संस्थाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।


