इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पुलिस के रवैये पर गहरी असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मानव जीवन की रक्षा करना राज्य की प्राथमिक चिंता होनी चाहिए, न कि केवल हत्यारों को न्याय के कटघरे में लाना।
न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर और न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना की पीठ ने एक कड़े बयान में कहा कि मानव जीवन की रक्षा के प्रति कानून-व्यवस्था एजेंसियों की संवेदनशीलता “हमेशा से कम रही है और अभी भी कम ही है “। एसएसपी बदायूं पर तीखी टिप्पणी पुलिस सुरक्षा की मांग करने वाले याची नानक राम द्वारा दायर रिट याचिका के जवाब में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), बदायूं को फटकार लगाते हुए हाईकोर्ट ने ये तीखी टिप्पणियां की। याची नानकराम ने पारिवारिक भूमि विवाद को लेकर 5 व्यक्तियों से अपने जीवन को गंभीर खतरा होने की आशंका जताते हुए एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए, न्यायालय ने संबंधित एसएसपी को याचिकाकर्ता की खतरे की आशंका का मूल्यांकन करने और सुरक्षा प्रदान करने के उनके मामले के संबंध में उठाए गए कदमों को रेखांकित करते हुए एक व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। हलफनामे में साफ नहीं हालांकि, 4 मई को, जब हाईकोर्ट ने हलफनामे का अवलोकन किया और इसे ‘अस्पष्ट’ पाया क्योंकि इसमें केवल पक्षों के बीच विवाद की उत्पत्ति और पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत की गई निवारक कार्रवाई का विवरण दिया गया था। न्यायालय ने टिप्पणी की कि विवाद को समझने का कार्य संभवतः ” किसी ‘दारोगा’ की बुद्धिमत्ता पर छोड़ दिया गया था ।” एसएसपी अंकिता शर्मा द्वारा दायर किए गए हलफनामे में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, चार्जशीट दायर की गई थी और बीट कांस्टेबलों को गांव में गश्त करने का निर्देश दिया गया था। हलफनामे में यह निष्कर्ष निकाला गया कि गांव शांतिपूर्ण था और पक्षों के बीच मुख्य मुद्दा केवल भूमि विभाजन और पारिवारिक दुश्मनी का था। इन कथनों को जीवन के खतरे के दावे के पर्याप्त जवाब के रूप में प्रस्तुत किए जाने पर आपत्ति जताते हुए, कोर्ट ने टिप्पणी की: ” अपराध का घटित होना एक बात है, शांति बनाए रखना दूसरी, लेकिन याचिकाकर्ता द्वारा अपने जीवन को खतरे का जो आरोप लगाया गया है, वह बिल्कुल अलग है। हम पाते हैं कि याचिकाकर्ता द्वारा बताए गए खतरे के प्रति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का रवैया उदासीन है। ” पीठ ने आगे टिप्पणी की कि ” यदि कल याचिकाकर्ता को प्रतिवादी संख्या 4 से 8 द्वारा गोली मार दी जाए या किसी अन्य तरीके से हमला किया जाए, तो धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत सुरक्षा कार्यवाही शुरू करने से उसे वापस जीवन नहीं मिलेगा “। कोर्ट ने कहा ” जैसा कि पहले ही कहा जा चुका है, अपराधियों को दंडित करना पूरी तरह से अलग बात है, और यह अपने आप में किसी मानव जीवन को नहीं बचाता है। यह केवल सैद्धांतिक रूप से भविष्य के अपराधों को रोकने का काम करता है, लेकिन अनुभव बताता है कि इससे शायद ही कोई रोकथाम होती है” । कोर्ट ने एस एस पी को एक और हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता को किसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बचाने के लिए वह क्या सुरक्षा उपाय करने की योजना बना रही हैं। न्यायालय ने अब इस मामले की सुनवाई 13 मई को निर्धारित की है।


