PM Narendra Modi के 76वें जन्मदिन पर Rajasthan में सेवा अभियान, CM Bhajan Lal Sharma ने गिनाए विकास कार्य

PM Narendra Modi के 76वें जन्मदिन पर Rajasthan में सेवा अभियान, CM Bhajan Lal Sharma ने गिनाए विकास कार्य

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। इस दौरान सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं और प्रधानमंत्री की लंबी आयु की कामना के लिए दीप जलाए गए। शर्मा ने मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन जनसेवा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन और विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के सहयोग से राजस्थान को भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौते, राजस्थान रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो के द्वितीय चरण का उल्लेख प्रमुख परियोजनाओं के रूप में किया।

शर्मा ने राज्य सरकार की भर्ती पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में 1.90 लाख नियुक्तियां की गई हैं, जबकि 1.20 लाख अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि 2026 के लिए 1.25 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।

‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत शर्मा ने मुख्यमंत्री आवास पर युवाओं से युवा बजट को लेकर संवाद किया। उन्होंने युवाओं से मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के दृष्टिकोण से प्रेरणा लेने और विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। राठौड़ ने यहां भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग रक्तदान शिविर, फल वितरण तथा जरूरतमंदों की सहायता सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों के जरिए मोदी का जन्मदिन मना रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ सेवा गतिविधियां करना भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। पार्टी के अनुसार, शाम को जयपुर के अल्बर्ट हॉल, अमर जवान ज्योति और स्टैच्यू सर्किल सहित कई प्रमुख स्थानों पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दीप जलाए।

वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रमों में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *