PM Modi ने BJP पदाधिकारियों के साथ की बैठक, संगठन मजबूती और नए विचारों पर की चर्चा

PM Modi ने BJP पदाधिकारियों के साथ की बैठक, संगठन मजबूती और नए विचारों पर की चर्चा

(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 22 अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नवनियुक्त पदाधिकारियों से बातचीत की और कहा कि ऐसी बैठकें पार्टी को मजबूत बनाने के लिए नए विचारों तथा दृष्टिकोण पर केंद्रित होती हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व वाली नयी टीम की घोषणा 17 अगस्त को की गई थी और टीम ने पहली बार पार्टी अध्यक्ष और प्रधानमंत्री के साथ बैठक की। बैठक में निवर्तमान राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारी और कुछ राज्य इकाइयों के अध्यक्ष भी शामिल हुए।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “संगठन की बैठकें पार्टी को मजबूत बनाने और लोगों के साथ जुड़ाव बढ़ाने के लिए नए विचारों व नजरिए पर केंद्रित होती हैं। पार्टी के साथियों और नयी संगठनात्मक टीम के साथ बहुत सार्थक बातचीत हुई।”
बैठक में भाजपा के नवनियुक्त उपाध्यक्ष राम माधव और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब, महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष और कोषाध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल हुए। भाजपा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी ने पार्टी की नवनियुक्त संगठनात्मक टीम से बातचीत की और पार्टी के संगठन को और मजबूत बनाने तथा लोगों के साथ जुड़ाव बढ़ाने के लिए अपने विचार और दृष्टिकोण साझा किया।

नवीन के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय टीम में 65 पदाधिकारी हैं, जिनमें 51 नए चेहरे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शनिवार को हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के बीच सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *