Child Marriage : 14 साल की उम्र में मां बनी एक नाबालिग के कथित पति को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम पुणे रवाना होगी। ये मामला उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले का है। यहां मुनस्यारी क्षेत्र में13 साल की उम्र में एक किशोरी का बाल विवाह होने का मामला सामने आया था। दरअसल, बीते दिनों 14 साल की एक लड़की का प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। सीजेरियन के जरिए नाबालिग का प्रसव कराया गया था। बाल विवाह का मामला सामने होने से हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस ने किशोरी के कथित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बच्चे के जन्म के बाद से पति सहित उसके परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। आरोपी पति तब से गायब चल रहा है। इधर, पुलिस जांच में सामने आया है कि वह पुणे में काम करता है। लिहाजा अब पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए पुणे रवाना होने वाली है।
नामकरण के लिए आना था घर
किशोरी से बाल विवाह करने वाला युवक बालिग है। उसकी उम्र 21 साल है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुणे में काम करता है। नवजात के जन्म के बाद वह नामकरण के लिए गांव आने वाला था। इससे पहले ही बाल विवाह का खुलासा होने पर उसके खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया है। खुद को फंसता देख आरोपी ने प्रसव पीड़िता और बच्चे से दूरी बना ली है। उसपर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है।
आरोपी जाएगा जेल
बाल विवाह पीड़िता का ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया है। हालांकि अब जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ्य हैं। इधर, पुलिस ने भी मामले की जांच तेज कर दी है। बलुवाकोट थानाध्यक्ष नीमा बोहरा के मुताबिक मामले में परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आरोपी युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जच्चा-बच्चा बाल कल्याण समिति की निगरानी में हैं। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खाती के मुताबिक अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दोनों को राजकीय दत्तक गृहण अभिकरण में रखा जाएगा।


