PET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बलिया और कानपुर सेंट्रल के बीच परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 05153/05154 बलिया-कानपुर सेंट्रल-बलिया परीक्षा स्पेशल ट्रेन कुल छह फेरे लगाएगी। इस ट्रेन का प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर भी ठहराव होगा। इससे परीक्षा देने के लिए कानपुर जाने वाले अभ्यर्थियों को सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 05153 बलिया से 24, 29 और 31 अक्टूबर को चलेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 05154 कानपुर सेंट्रल से 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को रवाना होगी। ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 10 और एसएलआर के 2 कोच सहित कुल 12 डिब्बे होंगे। बलिया से रात 7:30 बजे चलेगी ट्रेन गाड़ी संख्या 05153 बलिया से रात 7:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन यूसुफपुर, गाजीपुर सिटी, औड़िहार जंक्शन, वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन, बनारस और ज्ञानपुर रोड होते हुए अगले दिन रात 12:40 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। यहां से 12:45 बजे रवाना होकर रात 1 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। प्रयागराज जंक्शन पर 5 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन सिराथू और फतेहपुर होते हुए सुबह 6 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। कानपुर से दोपहर 12:55 बजे होगी वापसी वापसी में गाड़ी संख्या 05154 कानपुर सेंट्रल से दोपहर 12:55 बजे चलेगी। यह ट्रेन फतेहपुर और सिराथू होते हुए शाम 6:10 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। यहां 5 मिनट रुकने के बाद शाम 6:25 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। इसके बाद ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी जंक्शन, वाराणसी सिटी, औड़िहार जंक्शन, गाजीपुर सिटी और यूसुफपुर होते हुए रात 1:15 बजे बलिया पहुंचेगी।

