गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। देर रात तक क्षेत्र के 17 जिलों से मटपेटिका लाने का क्रम जारी था। गोरखपुर विश्वविद्यालय वाणिज्य विभाग में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। 27 अक्टूबर को यहीं गिनती भी कराई जाएगी। मतदान खत्म होने के साथ ही सपा की ओर से मतगणना की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। देर रात तक सपा प्रत्याशी डा. संजयन निषाद समर्थकों के साथ स्ट्रांग रूम के बाहर बैठे रहे। स्ट्रांग रूम को सील कराने के बाद ही उन्होंने घर जाने की बात कही है। इस क्षेत्र में सर्वाधिक मतदान हुआ है। सुबह 8 से शाम 4 बजे तक 8 घंटों के बीच 79.01 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकारी का प्रयोग किया है। यानी 43000 से अधिक वोट डाले गए हैं। मतदान संपन्न होने के बाद सभी बूथों पर एजेंटों की उपस्थिति में मतपेटिका सील की गई है। उसके बाद एक-एक कर उसे जिला मुख्यालय लाया गया, जहां से स्ट्रांग रूम के लिए रवाना किया गया। गोरखपुर के सभी 18 केंद्रों से मतपेटिका सीधे स्ट्रांग रूम लायी गई। गोरखपुर के अलग-अलग मतदान केंद्र हों या अन्य जिले, जहां से भी मतपेटिका लेकर प्रशासन की गाड़ी निकली है, सपा के कार्यकर्ता उसके पीछे-पीछे स्ट्रांग रूम तक पहुंचे। संगठन की ओर से बकायदा इसके लिए कार्यकर्ताओं की ड्रयूटी भी लगाई गई है। सपा प्रत्याशी डा. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि जब तक मतगणना शुरू नहीं हो जाती, सपा कायकर्ता यहां मुस्तैद रहेंगे, जिससे किसी प्रकार की अनियमितता न होने पाए। सहायक रिटर्निंग आफिसर व जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। पहले से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सारी तैयारी की जा चुकी है। हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बाहर भी स्क्रीन होगी, जिसपर प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि भी स्थिति देख सकेंगे। कई प्रत्याशी यहां विजिट कर चुके हैं। जब तक स्ट्रांग रूम रहेगा, प्रत्याशियों या उनके एजेंटों के यहां रहकर निगरानी करने के लिए जगह भी बनाई जा रही है। फोर्स की तैनाती भी कर दी गई है। शुचितापूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ है। इसी तरह मतपेटिका भी रखी जा रही है और मतगणना भी उसी शुचिता के साथ कराई जाएगी।

