Palghar में गरबा कार्यक्रम से नाबालिग को घसीटकर पीटने वाला 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

Palghar में गरबा कार्यक्रम से नाबालिग को घसीटकर पीटने वाला 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर जिले में गरबा पंडाल से 17 वर्षीय लड़की को कथित तौर पर घसीटकर बाहर ले जाने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने 18 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार रात नालासोपारा पूर्व इलाके में नवरात्र उत्सव के दौरान हुई।

घटना का कथित वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पेल्हार पुलिस थाने के निरीक्षक सचिन कांबले ने बताया कि शिकायतकर्ता लड़की और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन लड़की ने उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। अधिकारी ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि आरोपी संतोष भुवन में आयोजित गरबा कार्यक्रम में पहुंचा, जहां लड़की मौजूद थी।

आरोप है कि वह लड़की को घसीटकर कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। कांबले ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *