रोहतक के किसान से ऑनलाइन ठगी:98 हजार रुपए हड़पे, खेत की बाड़ के लिए जाली खरीदते समय हुआ फ्रॉड

रोहतक के किसान से ऑनलाइन ठगी:98 हजार रुपए हड़पे, खेत की बाड़ के लिए जाली खरीदते समय हुआ फ्रॉड

रोहतक जिले में लाखन माजरा थाना क्षेत्र के गांव नांदल में एक किसान ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। खेत की बाड़ के लिए जाली खरीदते समय उससे 98 हजार 800 रुपए ठग लिए गए। नांदल गांव निवासी अजय पुत्र राजेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एमए पास है और बागवानी एवं खेती का काम करता है। उसे खेत की बाड़ के लिए चेन लिंक जाली की आवश्यकता थी, जिसके लिए उसने अपने मोबाइल से क्रोम पर इंडिया मार्ट की साइट खोली। पिता के खाते से भेजे रुपए अजय ने बताया कि वह पहले भी इस साइट से सामान मंगवा चुका था। गत दिवस जब उसने इंडिया मार्ट की साइट खोली, तो उसके पास ‘सोमानी वायरनेटिंग इंडस्ट्री’ के नाम से एक कॉल आई। इस कंपनी का नाम उसने पहले भी सुन रखा था, जिससे उसे कॉलर पर विश्वास हो गया। कॉलर ने उसे कैटलॉग और जीएसटी नंबर भेजा, जिससे उसका भरोसा और बढ़ गया। अजय ने अपना ऑर्डर भेजा, जिसके बाद उसे 1 लाख 34 हजार 400 रुपए का बिल मिला। उसने अपने पिताजी के बैंक खाते से 98 हजार 800 रुपए भेज दिए। कॉल करके यूपीआई पर रुपए भेजने को कहा पैसे भेजने की उस दिन की बैंक लिमिट पूरी हो गई थी, और 35 हजार 600 रुपए कंपनी के बकाया रह गए थे। अगले दिन उसी नंबर से फिर कॉल आई और शेष राशि यूपीआई पर भेजने को कहा गया। इस पर अजय को ठगी का संदेह हुआ। शिकायतकर्ता अजय ने पुलिस से अपने पैसे वापस दिलवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *