Abhishek Nayar on Virat Kohli Catch: रायपुर में RCB के खिलाफ KKR की हार के बाद कोच अभिषेक नायर ने विराट कोहली का कैच छोड़ने और वरुण चक्रवर्ती की चोट को मुख्य कारण बताया। जानिए अंगकृष रघुवंशी को लेकर क्या बोले कोच।
Abhishek Nayar on Virat Kohli Catch: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बुधवार की रात रायपुर के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए किसी बुरे सपने जैसी रही। 192 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इस लक्ष्य को बड़ी आसानी से हासिल कर लिया। इस करारी हार के बाद KKR के हेड कोच अभिषेक नायर ने बिना किसी बहानेबाजी के साफ लफ्जों में बताया कि आखिर मैच उनके हाथ से कहां निकला।
विराट का कैच और मैच का टर्निंग पॉइंट
अभिषेक नायर का मानना है कि मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट विराट कोहली का वह ड्रॉप कैच था। नायर ने कहा, ‘जब आप विराट कोहली जैसे खिलाड़ी का कैच छोड़ देते हैं, खासकर रन चेज के दौरान, तो वापसी करना बहुत मुश्किल हो जाता है।’ कोहली उस वक्त सिर्फ 21 रन पर थे जब उन्हें जीवनदान मिला, और उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। कोहली ने 60 गेंदों में नाबाद 105 रनों की तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिला दी। नायर ने माना कि रोवमैन पॉवेल से जिस कैच की उम्मीद थी, वह न हो पाना टीम को भारी पड़ गया।
वरुण चक्रवर्ती की कमी और गेंदबाजी का संघर्ष
कोच ने टीम की गेंदबाजी पर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की अनुपस्थिति को हार की एक बड़ी वजह बताया। वरुण इस समय फ्रैक्चर (Fracture) की वजह से टीम से बाहर हैं। नायर के अनुसार, ‘यह कोई छिपी हुई बात नहीं है कि सुनील नरेन और वरुण की जोड़ी हमारे लिए कितनी अहम है। इस सीजन में हमने उन्हें बहुत मिस किया है। अगर वरुण खेलते, तो शायद मिडिल ओवर्स में कहानी कुछ और होती।’
बल्लेबाजी में दिखे कुछ पॉजिटिव संकेत
हार के बावजूद नायर ने युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी की जमकर तारीफ की। अंगकृष ने 46 गेंदों में 71 रनों की परिपक्व पारी खेली। कोच ने कहा कि हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों के सामने जिस तरह अंगकृष ने बल्लेबाजी की, उससे साफ है कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं। साथ ही, उन्होंने रिंकू सिंह की वापसी पर भी खुशी जताई, जिनके साथ टीम मैनेजमेंट ने काफी समय बिताया ताकि वे अपनी पुरानी लय वापस पा सकें। और अब KKR का अगला मुकाबला अब शनिवार को ईडन गार्डन्स में गुजरात टाइटंस से होगा, जहां टीम अपनी इन गलतियों को सुधारने के इरादे से उतरेगी।
Sports – Patrika | CMS




Virat Kohli serves an effortless maximum