उन्नाव में औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई का अभियान:DM ने दिए निर्देश, वर्षा ऋतु से पहले पूरा हो काम

उन्नाव में औद्योगिक क्षेत्रों की सफाई का अभियान:DM ने दिए निर्देश, वर्षा ऋतु से पहले पूरा हो काम

उन्नाव जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक बड़ा अभियान चलाने का निर्णय लिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में फैली गंदगी, कूड़े के ढेर, खड़ी झाड़ियों और सौंदर्यीकरण के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं भी कूड़े का ढेर या झाड़ियाँ दिखाई न दें और गंदगी फैली न रहे। इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएँ। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी क्षेत्रों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में फैली गंदगी से न केवल शहर की छवि खराब होती है, बल्कि वहाँ कार्य करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गंदगी और कूड़े से निकलने वाले केमिकल पानी में घुलकर संचारी रोगों को बढ़ावा दे सकते हैं। इसलिए साफ-सफाई के साथ-साथ कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था भी प्रभावी होनी चाहिए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, जिला पंचायत राज अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र को सेक्टरों में विभाजित कर बेहतर रणनीति के साथ कार्य योजना तैयार की जाए। प्रत्येक सेक्टर में सफाई, झाड़ी कटान और कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी तय की जाए। जिलाधिकारी ने उद्योग प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाएं और नियमित रूप से निगरानी भी करें। इसके अलावा, औद्योगिक क्षेत्रों को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाली लाइटिंग, वॉल पेंटिंग, साज-सज्जा और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया शहर की पहचान होते हैं, इसलिए उनका स्वच्छ और सुंदर दिखना बेहद जरूरी है। बैठक में यह भी तय किया गया कि नगर पालिका की गाड़ियां नियमित रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करेंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *