Odisha के Balasore में Subarnarekha River का कहर, 129 गांव डूबे और हाई अलर्ट

Odisha के Balasore में Subarnarekha River का कहर, 129 गांव डूबे और हाई अलर्ट

भुवनेश्वर, दो सितंबर ओडिशा के उत्तरी हिस्से में बुधवार को बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। सुवर्णरेखा नदी उफान पर है और उसका जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के पानी से अब तक बालासोर जिले के 129 गांव जलमग्न हो चुके हैं।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि जाजपुर, भद्रक, मयूरभंज और क्योंझर जिलों में बाढ़ की स्थिति है, लेकिन यह पूरी तरह नियंत्रण में है। पुजारी ने कहा, ‘‘अब प्रशासन का ध्यान बालासोर पर है क्योंकि सुवर्णरेखा नदी उफान पर है।

हमें उम्मीद है कि एक-दो दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी।’’
इस घटनाक्रम के बाद राज्य सरकार ने बालासोर जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया। जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख दिलीप कुमार राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज रात महत्वपूर्ण है क्योंकि सुवर्णरेखा नदी में बाढ़ का चरम स्तर आएगा। बालियापाल, भोगराई, बस्ता और जलेश्वर समेत चार प्रखंडों में हाई अलर्ट रहने की जरूरत है।’’
उन्होंने बताया कि शाम छह बजे राजघाट में सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर 11.67 मीटर था, जो इसके खतरे के निशान 10.36 मीटर से एक मीटर से भी अधिक ऊपर था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि जलस्तर और बढ़ेगा तथा बुधवार की आधी रात तक करीब 11.80 मीटर तक पहुंच जाएगा। इसलिए इन चारों प्रखंडों के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।’’
उन्होंने कहा कि स्थिति बृहस्पतिवार शाम तक बनी रहने की संभावना है। अधिकारी ने बताया कि ताजा जलभराव पड़ोसी झारखंड के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में कम दबाव के कारण हुई भारी बारिश से हुआ।

इसके बाद राज्य सरकार ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी। झारखंड में गालूडीह बैराज के 13 गेट से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *