पंजाब में नगर कौंसिल चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है और इसी बीच फरीदकोट में जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व नोटरी पब्लिक विनोद मैनी द्वारा अपने तरीके से सभी उम्मीदवारों की मदद की जा रही है। उनके द्वारा नगर काउंसिल चुनाव लड़ने वाले हर उम्मीदवार से नामांकन फॉर्म नोटरी अटेस्ट करने के बदले एक भी रुपया नहीं लिया जा रहा। उम्मीदवार चाहे किसी भी राजनीतिक पार्टी से संबंधित हो या फिर आजाद चुनाव लड़ रहा हो, वह अपने फॉर्म मुफ्त में अटेस्ट करवा सकता है। इस मामले में एडवोकेट विनोद मैनी ने बताया कि आम तौर पर नामांकन फॉर्म अटेस्ट करवाने में उम्मीदवारों के एक हजार रुपये तक खर्च हो जाते हैं। इसी को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया ताकि चुनाव लड़ रहे लोगों को कुछ आर्थिक राहत मिल सके। 16 मई तक मिलेगी सुविधा उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपराधियों को मुफ्त कानूनी सहायता दे सकती है, तो समाजसेवा के लिए आगे आने वाले उम्मीदवारों को भी यह सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि 16 मई तक वह कोटकपूरा तहसील में मौजूद रहेंगे, जहां जिले के किसी भी इलाके का उम्मीदवार आकर अपने फॉर्म मुफ्त में अटेस्ट करवा सकता है। उनके इस फैसले की उम्मीदवारों और शहरवासियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।


