Noida कारोबारी से 1.13 करोड़ की Cyber Fraud, शेयर बाजार में निवेश का दिया झांसा

Noida कारोबारी से 1.13 करोड़ की Cyber Fraud, शेयर बाजार में निवेश का दिया झांसा

नोएडा में जालसाजों ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताकर एक कारोबारी से कथित तौर पर 1.13 करोड़ रुपये ठग लिए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शैव्या गोयल ने बताया कि सेक्टर-49 निवासी कारोबारी विनीत गोयल ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, आठ दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक नंबर से व्हॉट्सऐप संदेश आया था और संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताते हुए निवेश के जरिये अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कारोबारी को ‘बीएनआई स्टॉक मार्केट कोच मुंबई’ नामक व्हॉट्सऐप समूह में जोड़ा। इसके बाद एक वेबसाइट पर उनकी पहचान पंजीकृत कराई गई।

उसने बताया कि शुरुआत में कारोबारी से 50 हजार रुपये निवेश कराए गए और कुछ समय बाद उनके खाते में नौ हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया जिससे कारोबारी को निवेश मंच पर भरोसा हो गया। पुलिस ने कहा, ‘‘इसके बाद जालसाजों ने उन पर अधिक रकम निवेश करने के लिए दबाव बनाया और नियमित रूप से ऐसे स्क्रीनशॉट भेजे, जिनमें निवेश की रकम और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता था।’’
शिकायत के अनुसार, कारोबारी ने 14 दिसंबर को 10 लाख, 17 दिसंबर को दो बार में 30 लाख, 19 दिसंबर को 12 लाख रुपये और 31 दिसंबर को दो बार में 10 लाख रुपये समेत कई अन्य लेनदेन किए। इस तरह उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.13 करोड़ रुपये अंतरित कर दिए।

पुलिस ने बताया कि मार्च 2026 में कारोबारी ने निवेश की रकम निकालने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें रकम नहीं मिली। इसके बजाय जालसाजों ने और रुपये जमा करने को कहा जिसके बाद उन्हें ठगी का संदेह हुआ। उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने व्हाट्सऐप संदेशों का जवाब देना और फोन उठाना बंद कर दिया।

शिकायत के अनुसार, जून 2026 में कारोबारी को पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जालसाजों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबर, व्हॉट्सऐप समूह और वेबसाइट की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन बैंक खातों की भी जानकारी जुटा रही है, जिनमें ठगी की रकम अंतरित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *