NHM के संविदा कर्मचारियों ने उठाई नियमितीकरण की मांग:CMO कार्यालय में प्रदर्शन; 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी

NHM के संविदा कर्मचारियों ने उठाई नियमितीकरण की मांग:CMO कार्यालय में प्रदर्शन; 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर CMO कार्यालय में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने डिप्टी सीएम एवं चिकित्सा स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ का कहना है कि कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने से लेकर टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन और कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। नियमितीकरण और समान वेतन की मांग संघ ने लंबे समय से सेवाएं दे रहे NHM संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की है। साथ ही समान कार्य के लिए समान वेतन लागू होने तक वेतन में तत्काल वृद्धि करने और संविदा कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य विभाग में स्थायी पद सृजित करने की मांग उठाई है। अन्य मांगों में कर्मचारियों और उनके परिवारों को कम से कम 10 लाख रुपए की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा, महंगाई भत्ता (DA), ईपीएफ, एचआरए और ग्रेच्युटी का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा रिक्त पदों पर गैर जनपद स्थानांतरण नीति लागू करने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने और आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने की मांग की गई है। संघ ने नियमित भर्तियों में NHM संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत सीटें निर्धारित करने की भी मांग की है। 12 अक्टूबर से हड़ताल की चेतावनी कर्मचारियों के अनुसार, विभिन्न जनपद मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार और कार्यविराम के जरिए विरोध दर्ज कराया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई और प्रतिनिधियों के साथ सार्थक वार्ता नहीं की गई, तो 12 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर के संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने सरकार से मांगों पर विचार कर स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मान, सुरक्षा और सेवा स्थायित्व देने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *