भतीजे ने चाचा की उंगली चबाकर अलग की:पत्नी को पीट रहा था युवक, बचाने पर कर दिया था हमला

भतीजे ने चाचा की उंगली चबाकर अलग की:पत्नी को पीट रहा था युवक, बचाने पर कर दिया था हमला

शाहजहांपुर में भतीजे ने अपनी पत्नी को पीटते हुए बचाने आए चाचा की उंगली चबाकर अलग कर दी। यह घटना पुवायां थाना क्षेत्र के नवाबपुर गंगा गांव में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी युवक फरार हो गया। घायल चाचा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, नवाबपुर गंगा गांव निवासी 24 वर्षीय उर्वेश की शादी करीब पांच साल पहले निगोही की लक्ष्मी से हुई थी। उनकी एक छह महीने की बेटी भी है। बताया जाता है कि उर्वेश अक्सर शराब पीने के बाद घर आकर अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज करता और विरोध करने पर मारपीट करता था। मंगलवार शाम को भी उर्वेश शराब पीकर घर आया और पत्नी लक्ष्मी के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब लक्ष्मी ने विरोध किया, तो उसने उसे लात-घूंसे और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर पहले उर्वेश की चाची प्रियंका बचाने गईं, लेकिन उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। इसके बाद चंडीगढ़ से काम करके लौटे चाचा ब्रजेश ने लक्ष्मी को बचाने का प्रयास किया। इस पर उर्वेश ने चाचा ब्रजेश पर हमला कर दिया, उन्हें जमीन पर गिरा दिया और उनके हाथ की उंगली को मुंह से इतनी जोर से चबाया कि वह नाखून के पास से अलग हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी उर्वेश तब तक वहां से भाग चुका था। घायल चाचा ब्रजेश थाने पहुंचे, जहाँ से उन्हें तुरंत इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. रामकुमार ने बताया कि पुवायां थाने से एक युवक को लाया गया है, जिसकी उंगली पर चोट है। युवक ने बताया है कि उसकी उंगली को चबाया गया है। उसका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि भतीजे ने चाचा की उंगली चबा ली है। घायल को मेडिकल के लिए भेजा है। तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *