Yoga For Summer: नौतपा साल का सबसे गर्म समय माना जाता है। इस दौरान चलने वाली गर्म हवाओं, तेज धूप और बढ़ते तापमान के चलते शरीर में पानी की कमी, थकान, बेचैनी और ऊर्जा में कमी महसूस होने लगती है। ऐसे समय में योग एक ऐसी प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो गर्मियों में शरीर को शांत, ठंडा और तरोताजा रखने में मदद करती है। कुछ खास प्राणायाम, मुद्रा और योगासन शरीर में बेहतर ब्लड सर्कुलेशन, हाइड्रेशन और मानसिक शांति बनाए रखने में सहायक होते हैं।
आइए योग गुरु हिमालयन सिद्धा अक्षर से जानते हैं कि इन दिनों कौन-कौन से योगाभ्यास किए जा सकते हैं।
1. शवासन (Shavasana)
कैसे करें:
पीठ के बल सीधे लेट जाएं। पैरों के बीच थोड़ा अंतर रखें और हाथों को शरीर के पास आराम से रखें। आंखें बंद करें और धीरे-धीरे सामान्य सांस लेते हुए पूरे शरीर को ढीला छोड़ दें।
फायदे:
शवासन शरीर और दिमाग को गहरी शांति देता है। यह गर्मी से होने वाली थकान और तनाव को कम करता है, सांसों को सामान्य करता है और शरीर में नई ऊर्जा भरने में मदद करता है।
ध्यान रखें:
शरीर को पूरी तरह रिलैक्स रखें। किसी भी तरह का तनाव या खिंचाव न रखें। इसे शांत और ठंडी जगह पर करना ज्यादा फायदेमंद होता है।
2. शीतली प्राणायाम (Sheetali Pranayama)
कैसे करें: जीभ को मोड़कर नली जैसी बनाएं और मुंह से धीरे-धीरे सांस अंदर लें। फिर नाक से आराम से सांस बाहर छोड़ें।
फायदे: यह प्राणायाम शरीर को अंदर से ठंडक देता है और शरीर की गर्मी को कम करने में मदद करता है। इससे मन शांत रहता है और गर्मी में ताजगी महसूस होती है।
ध्यान रखें: सांस धीरे और सहज तरीके से लें। बहुत ठंडी या प्रदूषित जगह पर इसका अभ्यास न करें।
3. वरुण मुद्रा (Varun Mudra)
कैसे करें: हाथ की छोटी उंगली के सिरे को अंगूठे के सिरे से हल्के से मिलाएं। बाकी उंगलियों को सीधा और आराम की स्थिति में रखें। हाथों को घुटनों पर रखें और आंखें बंद करके धीरे-धीरे सांस लें।
फायदे: वरुण मुद्रा शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने में मदद करती है। यह हाइड्रेशन को सपोर्ट करती है और मन को शांत व हल्का महसूस कराती है।
ध्यान रखें: उंगलियों पर ज्यादा दबाव न डालें। हाथ और कंधे पूरी तरह रिलैक्स रखें।
4. चंद्र नमस्कार (Chandra Namaskara)
कैसे करें: यह योगासन कई आसान मुद्राओं का धीमा और शांत क्रम होता है, जिसे गहरी सांसों और ध्यान के साथ किया जाता है। यह सूर्य नमस्कार की तुलना में अधिक शांत और सुकून देने वाला अभ्यास है।
फायदे: चंद्र नमस्कार शरीर को ठंडक पहुंचाता है, शरीर में लचीलापन बढ़ाता है और मानसिक तनाव को कम करता है। यह गर्मियों में भारीपन, थकान और बेचैनी को कम करने में मदद करता है।
ध्यान रखें: इसे जल्दीबाजी में न करें और तेज धूप में अभ्यास करने से बचें।
5. विपरीत करनी (Viparita Karani)
कैसे करें: पीठ के बल लेट जाएं और पैरों को दीवार के सहारे ऊपर रखें। हाथों को शरीर के पास आराम से रखें और धीरे-धीरे सांस लेते रहें।
फायदे: यह आसन शरीर को रिलैक्स करता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाने में मदद करता है। पैरों की थकान कम होती है और मन को शांति मिलती है।
ध्यान रखें: ऐसी स्थिति में रहें जिसमें गर्दन या कमर पर दबाव न पड़े। इसे शांत और ठंडी जगह पर करें।
इन योगासनों और प्राणायाम का नियमित अभ्यास कर आप गर्मी में भी शरीर को ठंडा, संतुलित और ऊर्जावान रख सकते हैं।


