Nandigram Bypoll: कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी पर Pawan Khera का भाजपा पर वार

Nandigram Bypoll: कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी पर Pawan Khera का भाजपा पर वार

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में अपने उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शनिवार को हमला बोलते हुए कहा कि जनता ऐसे हथकंडों का जवाब देने के लिए सही वक्त का इंतजार कर रही है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह सोच का विषय है कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने कांग्रेस उम्मीदवार को अभी क्यों गिरफ्तार किया? उनके खिलाफ शिकायत पुरानी थी।

जब उन्हें (भाजपा) अचानक मालूम पड़ा कि नंदीग्राम उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया है, तो हमारे उम्मीदवार को गिरफ्तार कर लिया गया।’’
उन्होंने कहा कि ऐसे हथकंडों का जवाब देने के लिए लोग सही वक्त का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक प्रधान को नंदीग्राम में 2007 के दौरान जमीन अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान दंगा, हत्या और आपराधिक धमकी से जुड़े कम से कम चार मामलों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। खेड़ा ने 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगाने के फैसले के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की और दावा किया कि यह कदम अमेरिका के दबाव में उठाया गया।

उन्होंने सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कटाक्ष किया, ‘‘अगर हर बात अमेरिका को ही तय करनी है, तो हमें बोलिए कि हम अगली बार राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ही वोट दे दें।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के खिलाफ ‘झूठ की गूंज’ शीर्षक वाले पोस्टर लगाए जाने पर खेड़ा ने कहा कि भाजपा पिछले 12 साल से कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अब तो यह हालत है कि वे (भाजपा) जितनी बार हमारे खिलाफ बोलेंगे, चुनावों में हमारी उतनी सीट बढ़ेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *