Ghaziabad Dowry Death Case: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके से टि्वशा शर्मा हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। यहां शादी के सिर्फ 6 महीने बाद ही एक 28 साल की पढ़ी-लिखी महिला की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। उसका शव घर की तीसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला। लड़की के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में एक्शन लेते हुए पति और सास-ससुर को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बुलंदशहर के रहने वाले देवेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी 28 साल की बेटी नीतू की शादी पिछले साल 10 दिसंबर को गाजियाबाद के सुमित कुमार से की थी। सुमित बिजली विभाग में कॉन्ट्रैक्ट (संविदा) पर काम करता है। नीतू ने बीएड (B.Ed) किया था और वह इन दिनों सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी।
दहेज की भूख, बुलेट और सोने की चेन की थी मांग
मृतका नीतू मूल रूप से बुलंदशहर के उडवल बनारस गांव की रहने वाली थी। उनके पिता देवेंद्र ने बताया कि उन्होंने बीते साल 10 दिसंबर को अपनी बेटी की शादी गाजियाबाद के रहने वाले सुमित कुमार से की थी। सुमित वसुंधरा में विद्युत निगम में संविदा कर्मचारी है।
पिता का आरोप है कि उन्होंने बेटी की शादी में अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 15 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और सारा घरेलू सामान दिया था। लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वालों का लालच बढ़ गया। वे नीतू से दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की भारी चेन लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर नीतू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी नीतू
नीतू ने B.Ed की पढ़ाई पूरी कर ली थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हुई थी। लेकिन इससे पहले कि उसका कोई सपना पूरा होता, उसकी जिंदगी का दीया हमेशा के लिए बुझा दिया गया। शनिवार शाम को नंदग्राम थाना क्षेत्र के मकान की तीसरी मंजिल पर नीतू का शव स्टील की रेलिंग से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। मायके पक्ष का साफ कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
पति सुमित, सास-ससुर और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर पहले नीतू का गला दबाया और फिर वारदात को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। हद तो तब हो गई जब वारदात के बाद ससुराल पक्ष ने मायके वालों को भनक तक नहीं लगने दी। किसी परिचित के जरिए जब लड़की के पिता को इस अनहोनी का पता चला, तो वे फटाफट गाजियाबाद पहुंचे।
थाने पर हंगामा, पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा
बेटी की संदिग्ध मौत से गुस्साए और दुखी परिजनों ने रविवार को नंदग्राम थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मृतक महिला के पिता की शिकायत पर पति सुमित कुमार, ससुर फेरू सिंह, सास अनिता, मौसी शीला, ननद अंबिका, प्रियंका, अंशुल, जेठ रोहित और राहुल समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या व अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
क्या कहती है पुलिस?
मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति, सास और ससुर को हिरासत में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


