Mumtaz On Rajesh Khanna Bungalow Ashirwaad: बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना आज भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनसे जुड़ी यादें आज भी उनके चाहने वालों के दिलों में ताजा हैं। खासतौर पर उनका मशहूर बंगला ‘आशीर्वाद’ एक समय फिल्म इंडस्ट्री की पहचान बन चुका था। हाल ही में दिग्गज अभिनेत्री मुमताज ने इसी ऐतिहासिक बंगले और उससे जुड़ी अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कई पुरानी यादों को ताजा किया।
मुमताज ने राजेश के बंदले पर की बात (Mumtaz On Rajesh Khanna Bungalow Ashirwaad)
विक्की ललवानी के साथ इंटरव्यू के दौरान मुमताज ने बताया कि ‘आशीर्वाद’ सिर्फ एक घर नहीं था, बल्कि उनके लिए भावनाओं से जुड़ा एक खास ठिकाना था। उन्होंने कहा कि जब भी वह उस जगह को याद करती हैं, उनके मन में वही ख्याल आता है कि ये उनके हीरो का घर था। उनके इस बयान से साफ झलकता है कि राजेश खन्ना के साथ उनका रिश्ता केवल पेशेवर नहीं बल्कि बेहद आत्मीय भी था।
‘आशीर्वाद’ से कई यादें जुड़ीं- मुमताज (Mumtaz On Rajesh Khanna Bungalow Ashirwaad)
मुमताज ने बातचीत में ये भी बताया कि उनका अपना घर भी उसी इलाके में था, जो कभी मशहूर अदाकारा मीना कुमारी का हुआ करता था। दोनों घरों की नजदीकी की वजह से वह अक्सर ‘आशीर्वाद’ जाया करती थीं। वहां बिताए गए पल आज भी उनके लिए बेहद खास हैं। उन्होंने कहा कि उस दौर में इंडस्ट्री के रिश्ते दिल से निभाए जाते थे और यही वजह है कि वे यादें आज भी उनके साथ हैं।
राजेश खन्ना और अंजू महेन्द्रू ख्याल रखते थे-मुमताज
उन्होंने ये भी याद किया कि उस समय राजेश खन्ना और अंजू महेन्द्रू उनका बेहद ख्याल रखते थे। जब भी वह वहां जाती थीं, दोनों उनका गर्मजोशी से स्वागत करते थे और परिवार जैसा माहौल बना देते थे। मुमताज के मुताबिक, उस दौर के कलाकारों के बीच अपनापन और सम्मान की भावना ज्यादा मजबूत थी, जो आज भी उन्हें भावुक कर देती है।
संग्रहालय में बदल दिया जाए- मुमताज
‘आशीर्वाद’ बंगले के भविष्य को लेकर भी मुमताज ने अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनकी तमन्ना थी कि राजेश खन्ना के निधन के बाद इस ऐतिहासिक घर को एक संग्रहालय में बदल दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस विरासत को करीब से महसूस कर सकें। हालांकि बाद में ये बंगला बेच दिया गया, जिसे लेकर उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया और कहा कि बिना पूरी सच्चाई जाने किसी निष्कर्ष पर पहुंचना ठीक नहीं है।
राजेश खन्ना के साथ शूटिंग का अनुभव
राजेश खन्ना के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा करते हुए मुमताज ने बताया कि दोनों के बीच शानदार समझ थी। शूटिंग के दौरान उनके काम करने का तरीका अलग जरूर था, लेकिन वह हमेशा अपने हिस्से का काम पूरी जिम्मेदारी से करते थे। मुमताज ने कहा कि वह अपने शेड्यूल को उसी हिसाब से ढाल लेती थीं और दोनों के बीच तालमेल बहुत अच्छा था।


