Mumbai Local ट्रेन में सीट विवाद के बाद दिव्यांग की हत्या, आरोपी हिरासत में

Mumbai Local ट्रेन में सीट विवाद के बाद दिव्यांग की हत्या, आरोपी हिरासत में

मुंबई में 62 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की बृहस्पतिवार को कथित रूप से एक सहयात्री द्वारा विवाद के बाद चलती लोकल ट्रेन से धक्का दिए जाने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना अपराह्न करीब 1:22 बजे माहिम और बांद्रा रेलवे स्टेशनों के बीच चर्चगेट से बोरीवली जा रही लोकल ट्रेन में हुई।

बांद्रा जीआरपी के अधिकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सांताक्रूज (पूर्व) निवासी केजीटन पाल डेनिस पिरिस के रूप में हुई है। आरोप है कि दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित डिब्बे में बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद 48 वर्षीय अमजद सफरीद्दीन शेख ने पिरिस को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे दिया। अधिकारी ने बताया कि डिब्बे में मौजूद अन्य यात्रियों ने आरोपी को पकड़ लिया और बांद्रा स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

उन्होंने बताया कि पिरिस को गंभीर चोटें आई थीं और उन्हें बांद्रा स्थित भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे राजकीय रेलवे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह इस साल मुंबई की लोकल ट्रेन में सहयात्री द्वारा किसी व्यक्ति की हत्या की संभवत: तीसरी घटना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *