Mumbai में बिना अनुमति प्रदर्शन पर Tushar Gandhi और Imran Khan समेत 400 हिरासत में

Mumbai में बिना अनुमति प्रदर्शन पर Tushar Gandhi और Imran Khan समेत 400 हिरासत में

नयी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन के समर्थन में यहां बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में मुंबई के विभिन्न स्थानों से पुलिस ने शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता तुषार गांधी, अभिनेता इमरान खान और माकपा कार्यकर्ताओं समेत करीब 400 लोगों को हिरासत में लिया। प्रदर्शन अगस्त क्रांति मैदान, हुतात्मा चौक और अन्य स्थानों पर किए गए। हुतात्मा चौक पर प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) के कई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तुषार गांधी के नेतृत्व वाले ‘हम भारत के लोग’ संगठन के सदस्यों और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोग बिना अनुमति के अगस्त क्रांति मैदान में एकत्र हुए थे। इनमें से करीब 200 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। अधिकारी ने कहा कि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर मुंबई के विभिन्न स्थानों से करीब 400 लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों में शामिल रुबैद भोजानी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ‘‘बहुत बेरहमी’’ दिखाते हुए उन्हें हिरासत में लिया। भोजानी ने कहा, ‘‘हमने प्रधानमंत्री को वोट दिया था, लेकिन उन्होंने हमें धोखा दिया।

हम मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हैं।’’
अगस्त क्रांति मैदान में हिरासत में लिए गए लोगों में अभिनेता इमरान खान भी शामिल थे। अभिनेता ने पुलिस वैन से सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘‘जाहिर तौर पर, मैं ड्राइव पर जा रहा हूं।’’
प्रदर्शन में शामिल एक बुजुर्ग जिन्हें हृदय में पेसमेकर लगा हुआ था, ने आरोप लगाया कि एक पुलिस कांस्टेबल ने उन्हें खींचा और धक्का दिया। एक अन्य प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि कुछ नारे लगाने और जोशीले भाषणों के साथ शांतिपूर्ण बैठक हो सकती थी, लेकिन पुलिस ने लोगों को घसीटकर वैन में बैठाया और हिरासत में लेकर उसे एक हिंसक तमाशे में बदल दिया।

प्रदर्शनकारियों को गामदेवी और तारदेव पुलिस थानों में ले जाया गया। इससे पहले दिन में महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी को बांद्रा से हिरासत में लेकर डी. एन. नगर पुलिस थाने ले जाया गया था। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर एकत्र हुए।

शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे भी गांधी की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस थाने पहुंचे। ‘हम भारत के लोग’ संगठन का नेतृत्व करने वाले गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पोस्टर साझा कर नागरिकों से अपराह्न साढ़े तीन बजे अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज मिथिबोरवाला को भी उनके घर से हिरासत में लेकर एमआईडीसी पुलिस थाने ले जाया गया।

इस बीच, दादर के शिवाजी पार्क में कॉजपा सदस्यों को प्रदर्शन करने से रोकने के लिए महिला अधिकारियों समेत अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। मुंबई के अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने कहा कि मुंबई उच्च न्यायालय के एक आदेश के अनुसार अगस्त क्रांति मैदान को प्रदर्शन स्थल के रूप में निर्धारित नहीं किया गया है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *