MP PSC EXAM: परीक्षा केन्द्र पर 90 मिनट पूर्व होना होगा उपस्थित, बायोमेट्रिक से होगी उपस्थिति दर्ज

MP PSC EXAM: परीक्षा केन्द्र पर 90 मिनट पूर्व होना होगा उपस्थित, बायोमेट्रिक से होगी उपस्थिति दर्ज

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 7 सितंबर से, संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त

छिंदवाड़ा. मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा 7 से 12 सितंबर तक सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक एक सत्र में जिला मुख्यालय के परीक्षा केन्द्र राजमाता सिंधिया गल्र्स कॉलेज में राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन किया गया है, जिसमें 50 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। आयोग ने परीक्षा के लिए उच्च न्यायिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एनसी नागराज को संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं कलेक्टर हरेंद्र नारायन केन्द्राध्यक्ष को केन्द्र पर व्यवस्था बनाने के निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा प्रतिदिन एक सत्र में प्रदेश के 12 संभागीय एवं जिला मुख्यालयों पर ऑफलाइन माध्यम से आयोजित होगी। परीक्षा को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए इस वर्ष नई प्रवेश प्रक्रिया लागू की गई है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी सर्विलेंस, बायोमेट्रिक, फ्रिस्किंग एवं वीओआईपी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू की गई है। नई व्यवस्था के तहत सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से 90 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्टर ने केंद्राध्यक्ष को आयोग की नई प्रवेश प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा कंट्रोल रूम की हुई स्थापना
परीक्षा के लिए कलेक्टर कार्यालय स्थित नगर दंडाधिकारी कक्ष क्रमांक-28 में परीक्षा कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका दूरभाष क्रमांक-07162-243403 है। इस कंट्रोल रूम में डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार मेहरा को कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही 2 कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है जो प्रतिदिन सुबह 8 बजे से परीक्षा कार्य समाप्ति तक उपस्थित रहकर परीक्षा में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर आयोग के निर्देशानुसार उसका निराकरण किया जाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही परीक्षा के प्रत्येक सत्र की समाप्ति के बाद परीक्षार्थियों की उपस्थिति की जानकारी केन्द्राध्यक्ष से दूरभाष पर प्राप्त कर आयोग को भेजना सुनिश्चित करेंगे।

खनिज विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में खनिज शाखा की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने खनिज राजस्व में वृद्धि, उत्खनन पट्टों का गहन निरीक्षण कर कड़ाई से निर्देशों का पालन सुनिश्चित किए जाने तथा अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान खनिज विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *