फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित जय नारायण वर्मा रोड तिराहा (जेएनवी) पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार देर रात तक चले इस आयोजन में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत नीला पटका पहने नजर आए। उन्होंने इस दौरान कमेटी हॉल बनवाने की घोषणा भी की। सांसद मुकेश राजपूत ने अंबेडकर पार्क में कमेटी हॉल के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि सांसद निधि से यथासंभव अधिक धनराशि उपलब्ध कराकर इसे भव्य रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एस.पी. आर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को अधिकार दिलाने का काम किया और देश को मजबूत संविधान देकर एकता की नींव रखी।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें आगरा से आई ऑर्केस्ट्रा टीम ने शानदार प्रस्तुति दी। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में दीक्षा कठेरिया और विशाखा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अविरल और अनिका सिंह द्वितीय रहे। सीनियर वर्ग में सिदरा बख्स प्रथम, सुधांशु द्वितीय और सारिका तृतीय स्थान पर रहीं। डॉ. रोहित कनौजिया को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अरविंद गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, राम नरेश गौतम, अमित गौतम, नरेंद्र सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। डॉ. प्रभूदयाल, वीरेंद्र कठेरिया और संघमित्रा भास्कर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। परिसर को लाइट, गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था। इसी क्रम में, फतेहगढ़ की पुल मंडी में राष्ट्रवादी खटीक विकास समिति की जिला इकाई द्वारा भी अंबेडकर जयंती का आयोजन किया गया। पप्पू फोरमैन के निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में गौतम बुद्ध और बाबा साहब के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।


