मध्य प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। देर रात 12 बजे भगवान का जन्म होगा। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में सेंट्रल जेल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। उज्जैन के इस्कॉन मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। बारिश के बावजूद श्रद्धालु लंबी कतारों में लगे हुए हैं। यहां अभिषेक पूजन शुरू हो चुका है। व टीकमगढ़: गोपाल मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। गायक खनिज देव चौहान ने अपने साथियों के साथ शानदार भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक भगवान के जन्म महोत्सव तक चलेगा। उज्जैन: श्री कृष्णा की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम में जयपुर से मंगाए गए फूलों से भगवान श्री कृष्ण का फूल बंगला तैयार किया गया। भगवान के दर्शन का सिलसिला सुबह सात बजे से शुरू हुआ, रात 12 बजे भगवान की आरती की जाएगी। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन के गुरु सांदीपनि आश्रम में शिक्षा प्राप्त की थी।

