MLC चुनाव: नामांकन के बाद आक्रामक हुए संजयन:गोरखपुर में 17 जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ तैयार किया मेगा प्लान

MLC चुनाव: नामांकन के बाद आक्रामक हुए संजयन:गोरखपुर में 17 जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ तैयार किया मेगा प्लान

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी की जीत के लिए चुनावी तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को सपा से नामांकन के बाद संजयन त्रिपाठी काफी आक्रामक रूप में दिखाई दिए। चुनाव की तैयारी में कम समय को देखते हुए उन्होंने गोरखपुर में सपा के 17 जिलों के जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व और वर्तमान विधायकों समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में सभी 17 जिलों में संगठन को सक्रिय कर शिक्षक मतदाताओं से सीधे संपर्क करने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलरामपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अयोध्या, श्रावस्ती, गोंडा और बहराइच के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि सपा प्रत्याशी को जिताने के लिए सभी जिलों में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे। जिलाध्यक्षों को सौंपी गई शिक्षक मतदाताओं की सूची बैठक में सभी 17 जिलाध्यक्षों को उनके जिले की शिक्षक मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई। सूची के आधार पर क्षेत्र और बूथवार रणनीति बनाने पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं को निर्देश दिया गया कि शिक्षक मतदाताओं से लगातार संपर्क किया जाए और उन्हें पार्टी की नीतियों और प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए तैयार किया जाए। बैठक में मतदान के दिन अधिक से अधिक वोट सपा प्रत्याशी के पक्ष में कराने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके लिए स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और संगठन की बैठकें लगातार आयोजित करने पर जोर दिया गया। संजयन बोले- पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी बैठक में सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी ने सभी जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि वह हाल ही में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं और अभी संगठन की कार्यप्रणाली को समझने की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में पार्टी के पुराने, वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं व कार्यकर्ताओं का सहयोग उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में पूरी ताकत लगाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन के सहयोग और शिक्षक मतदाताओं के आशीर्वाद से चुनाव में जीत हासिल की जाएगी। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय भरा था पर्चा डॉ. संजयन त्रिपाठी ने भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद 1 अक्टूबर को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इसके बाद सपा ने पहले घोषित प्रत्याशी कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी को चुनाव मैदान में उतारा है। अब पार्टी संगठन ने उनकी जीत के लिए सभी 17 जिलों में अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुरानी पेंशन और शिक्षकों के मुद्दे होंगे चुनावी अभियान का आधार बैठक में नेताओं ने शिक्षक मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को भी चुनाव अभियान में प्रमुखता से उठाने की बात कही। इसमें पुरानी पेंशन, वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याएं, तदर्थ शिक्षकों के मुद्दे, शिक्षा मित्रों से जुड़े सवाल और शिक्षा व्यवस्था से संबंधित विषय शामिल हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन मुद्दों को लेकर शिक्षक मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क अभियान चलाया जाएगा। संगठन की ओर से छोटी-छोटी बैठकें कर शिक्षकों से संवाद बढ़ाने की भी तैयारी है। 17 जिलों का संगठन एकजुट होकर लगाएगा ताकत बैठक में मौजूद नेताओं ने डॉ. संजयन त्रिपाठी को जिताने के लिए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि सभी 17 जिलों में संगठन को सक्रिय कर लगातार प्रचार, जनसंपर्क और बैठकें की जाएंगी। सपा के रणनीतिकार इस चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देख रहे हैं। उनका मानना है कि शिक्षक एमएलसी चुनाव में संगठन की सक्रियता से पार्टी की जमीनी स्थिति और कार्यकर्ताओं की एकजुटता का भी आकलन होगा। बैठक के अंत में नेताओं ने संकल्प लिया कि 17 जिलों के संगठन की ताकत के दम पर डॉ. संजयन त्रिपाठी को भारी मतों से विजयी बनाकर यह सीट समाजवादी पार्टी की झोली में डाली जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *