उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह रविवार को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते दिखे। उन्होंने ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए स्कूटी, बस और ऑटो से यात्रा की। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के अनुरूप मानी जा रही है। विधायक शिवनारायण सिंह अपने निवास से स्कूटी पर निकले। इसके बाद वे आकाश बस सेवा से बस स्टैंड पहुंचे। वहां से उन्होंने जिला मुख्यालय में आयोजित आरोग्य भारती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऑटो का उपयोग किया। आम यात्रियों के बीच विधायक को सार्वजनिक परिवहन में सफर करते देख लोग भी आश्चर्यचकित रह गए। कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ईंधन बचाने, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का भी दायित्व है कि वे ईंधन बचत के लिए प्रयास करें। विधायक ने आगे कहा कि छोटी-छोटी पहल से बड़ा बदलाव संभव है। उनके अनुसार, यदि लोग निजी वाहनों का कम उपयोग करते हैं, तो इससे प्रदूषण कम होगा और ईंधन की भी बचत होगी। विधायक की इस पहल को लेकर लोगों के बीच सकारात्मक चर्चा हो रही है। आम नागरिकों का मानना है कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे, तो इससे समाज में एक अच्छा संदेश जाएगा और लोग भी इससे प्रेरित होंगे।


