दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में रेलवे के टेक्नीशियन की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर पदस्थ थे। यह दुर्घटना मुंबई–हावड़ा मुख्य रेलवे ट्रैक पर स्थित दुर्ग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास सुबह करीब 9 बजे हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुमार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक की प्रथम पाली में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान रायपुर एंड की ओर किलोमीटर संख्या 865/27 (रेल पोल क्रमांक 865/27) के पास एक खाली मालगाड़ी (N/BOX EMPTY) स्टेशन से होकर गुजर रही थी। अचानक किसी कारणवश अजय कुमार मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा कैसे हुआ, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। ट्रैक से हटाकर मर्च्युरी भेजा शव
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर दुर्ग ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचित किया। इसके बाद आरपीएफ, जीआरपी दुर्ग चौकी की पुलिस और अन्य रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। करीब सुबह 9:50 बजे आरपीएफ की मदद से शव को ट्रैक से हटाकर मर्चुरी भेजा गया, जिससे रेल यातायात सामान्य किया जा सके। मामले की जांच शुरू
दुर्ग जीआरपी चौकी पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के स्टेशन पहुंचने के बाद पंचनामा कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


