Maharashtra Weather: नवंबर में भी बरसेंगे बादल! IMD ने बताया कब और किन जिलों में होगी बारिश

Maharashtra Weather: नवंबर में भी बरसेंगे बादल! IMD ने बताया कब और किन जिलों में होगी बारिश

Maharashtra Rain Alert: नवंबर महीने के शुरुआती दिनों में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 से 5 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। मुंबई, ठाणे और पालघर में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात का भी खतरा है।

मुंबई, ठाणे और पालघर में 3 नवंबर तक हल्की बारिश

IMD के मुताबिक, मुंबई, ठाणे और पालघर में 1, 2 और 3 नवंबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 4 और 5 नवंबर को इन जिलों में बारिश की फिलहाल संभावना नहीं है। जबकि रायगढ़ जिले में भी अगले चार दिनों के दौरान हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। फिर 5 नवंबर को मौसम शुष्क रह सकता है।

रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में बिजली गिरने के साथ तेज हवाओं की चेतावनी

कोंकण के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में मौसमी गतिविधियां ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 नवंबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

3 नवंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 4 और 5 नवंबर को भी इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

पुणे, नासिक और अहिल्यानगर में भी बारिश के आसार

मध्य महाराष्ट्र के जिलों में भी बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। नासिक और नासिक घाट क्षेत्र में 1 से 3 नवंबर तक हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। उसके बाद बारिश थाम सकती है।

पुणे जिले में आज कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 2 से 5 नवंबर के दौरान भी पुणे में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

जबकि अहिल्यानगर में 4 नवंबर तक बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

मराठवाड़ा के इन जिलों में भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मराठवाड़ा के कुछ जिलों में भी अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम बदल सकता है। जालना में 1 नवंबर को हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। 2 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 3 और 4 नवंबर को फिर बारिश हो सकती है।

छत्रपति संभाजीनगर में 1 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 2 नवंबर को मौसम शुष्क रहने के बाद 3 और 4 नवंबर को बारिश हो सकती है।

बीड में 1 नवंबर को हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। 3 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। परभणी और हिंगोली में 3 और 4 नवंबर को बारिश के आसार है।

विदर्भ के अधिकांश जिलों में कोई चेतावनी नहीं

विदर्भ के अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, गोंदिया और नागपुर में 5 नवंबर तक मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, वर्धा और यवतमाल में 3 और 4 नवंबर को कुछ स्थानों पर बिजली चमकने, गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वाशिम में 3 नवंबर को अलग-अलग जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *