नर्मदापुरम जिले में नए शराब ठेके होने के बाद दुकानों पर एमआरपी से 20 से 50 रुपए तक अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है। पवारखेड़ा की शराब दुकान पर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री ने महंगी बीयर खरीदने का लाइव वीडियो बनाकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, सिवनी मालवा के शिवपुर की दुकान का भी एक वीडियो भी सामने आया है। आबकारी विभाग ने शिकायत मिलने के बाद जिले की आठ दुकानों पर कार्रवाई की है। 150 रुपए की बीयर 170 में दी, कर्मचारी ने दी धमकी
भाजयुमो के जिला महामंत्री दुर्गेश मिश्रा ने पवारखेड़ा और जिंद बाबा स्थित वाइन शॉप पर महंगी शराब बिकने का आरोप लगाया है। उन्होंने पवारखेड़ा की दुकान पर जाकर खुद एक बीयर की कैन खरीदी और इसका लाइव वीडियो बनाया। दुर्गेश ने बताया कि बीयर की एमएसपी 130 और एमआरपी 150 रुपए थी, लेकिन उनसे 170 रुपए वसूले गए। वीडियो बनाने पर कर्मचारियों ने इसे पुराना माल बताया और वीडियो बंद करने की धमकी देते हुए कहा कि हमारा कुछ नहीं होगा। इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 181 पर की गई है। शिवपुर में भी युवक ने बनाया वीडियो
सिवनी मालवा के ग्राम शिवपुर स्थित शराब दुकान से भी महंगी शराब बेचने का एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक शराब खरीदने के बाद पेमेंट करता नजर आ रहा है। युवक दुकान के कर्मचारी से महंगी शराब बेचने का कारण पूछते हुए ठेकेदारों पर मनमानी करने के आरोप लगा रहा है। सख्त कार्रवाई या बड़े जुर्माने के अभाव में ठेकेदारों की मनमानी के खिलाफ लोग अब सोशल मीडिया पर अपनी आवाज उठा रहे हैं। आबकारी विभाग ने जिले की 8 दुकानों पर की कार्रवाई
निर्धारित कीमत से अधिक मूल्य पर शराब बेचने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आबकारी विभाग ने जिले की आठ दुकानों पर कार्रवाई की है। विभाग ने जिन दुकानों पर कार्रवाई की है, उनमें पवारखेड़ा, तरौनकला, बीजनवाड़ा, चांदौन इटारसी, जबलपुर गेट इटारसी, बानापुरा, नंदरवाडा और रानीपुर तवानगर की शराब दुकानें शामिल हैं। विभाग के अधिकारी केस बनाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई खास असर नहीं दिख रहा है। एक दिन की लाइसेंस फीस तक का है जुर्माना
जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर ने इस मामले में बताया, “जिले से बाहर के नए लाइसेंसी को भी दुकानें मिली हैं। दुकानों पर एमआरपी से अधिक कीमत में शराब बिकने की शिकायत हमें मिल रही है। हमने अप्रैल में ही 8 दुकानों पर कार्रवाई की है। इसमें एक दिन की लाइसेंसी फीस की राशि तक जुर्माने का प्रावधान है, जिसके प्रकरण बनाए हैं। पवारखेड़ा और शिवपुर दुकान की शिकायत मिली है, जिसकी हम जांच कर रहे हैं।”


