LG Taranjit Singh Sandhu ने Delhi में शिक्षण संस्थानों के परिसरों की सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश

LG Taranjit Singh Sandhu ने Delhi में शिक्षण संस्थानों के परिसरों की सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठक करके परिसर की सुरक्षा, खासकर छात्राओं की सुरक्षा की समीक्षा की। संधू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अधिकारियों को कई एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इसमें पुलिस गश्त बढ़ाना, अंधेरे स्थानों को खत्म करना, परिसर की ओर जाने वाली सड़कों पर सीसीटीवी को एकीकृत करना, अंतिम छोर तक परिवहन संपर्क बेहतर करना और छात्र आवासों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट करना शामिल है।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘हमारे विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।’’
बैठक में दिल्ली सरकार के विश्वविद्यालयों के कुलपति और निदेशक, दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, दिल्ली नगर निगम और परिवहन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। संधू ने पोस्ट में कहा, ‘‘हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर युवा, खासकर हमारी बेटियां, दिल्ली में आत्मविश्वास, गरिमा और सुरक्षा की भावना के साथ शिक्षा हासिल कर सकें। हमारे युवाओं के लिए सुरक्षित, जीवंत और गरिमापूर्ण वातावरण ‘विकसित दिल्ली’ के हमारे दृष्टिकोण की बुनियाद है।’’
उपराज्यपाल ने छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बैठकें की और कई निर्देश जारी किए।

यह घटनाक्रम कालकाजी के एक पार्क में 17-वर्षीय एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले और सत्य निकेतन इलाके में पेइंग गेस्ट आवास की इमारत गिरने की घटना के बाद हुआ है। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के पास स्थित यह इमारत छह सितंबर को ढह गई थी।

हादसा उस समय हुआ था जब इमारत में मरम्मत का काम जारी था। इस हादसे में मारे गए सात लोगों में पांच छात्र थे, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *