Kota Mayor Election 2026 Live: अनुसुइया गोस्वामी या सुनीता सुमन? आज होगा महापौर के नाम का फैसला; 10 बजे से वोटिंग

Kota Mayor Election 2026 Live: अनुसुइया गोस्वामी या सुनीता सुमन? आज होगा महापौर के नाम का फैसला; 10 बजे से वोटिंग

Kota Mayor Election 2026 Result: कोटा नगर निगम के महापौर चुनाव में भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी (वार्ड 98) और कांग्रेस की सुनीता सुमन (वार्ड 17) आमने-सामने हैं। 100 सदस्यीय सदन में भाजपा के पास 57 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के 39 और 4 निर्दलीय पार्षद हैं। महापौर चुनाव के लिए बहुमत का आंकड़ा 51 है।

ऐसे में भाजपा के पास संख्याबल अधिक है। हालांकि, कांग्रेस ने संभावित सेंधमारी को देखते हुए अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी जारी रखी है। इससे पहले कोटा के वार्ड 11, 44 और 87 में पुनर्मतदान के दौरान ईवीएम खराबी सामने आई थी। इसके बाद दोनों प्रमुख दलों ने अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव किया।

‘शिक्षा नगरी’ कोटा में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अनंत उत्साह के बीच शहर को नई महापौर मिल जाएगी। आठवीं महापौर का ताज भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी या कांग्रेस की सुनीता कुमारी सुमन, किसके सिर पर सजेगा…यह शुक्रवार दोपहर तक स्पष्ट हो जाएगा। भाजपा पार्षदों के संख्या बल के आधार पर अनुसुइया गोस्वामी का महापौर बनना लगभग तय माना जा रहा है। कांग्रेस संख्या बल के आधार पर कमजोर है। हालांकि दोनों ही दल अपना-अपना महापौर बनाने के लिए गुरुवार को रणनीति में जुटे रहे।

यह है वोट का गणित

निगम में कुल 100 वार्ड हैं, जिसमें भाजपा के 57 पार्षद जीते थे। दो निर्दलीय पार्षदों ने भी भाजपा की सदस्यता ले ली है। ऐसे में पार्षदों की संख्या 59 हो गई है। वहीं कांग्रेस के 39 पार्षद चुनाव जीते हैं। कांग्रेस से बागी निर्दलीय पार्षद रानी जुबेर पार्टी के साथ आ गई हैं। एक निर्दलीय राहुल माथुर ने अपना रुख साफ नहीं किया है।

हालांकि, माथुर ने सोशल मीडिया पर भाजपा के इशारे पर प्रशासन की ओर से परेशान करने और भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए दबाव बनाने की बात कही है। ऐसे में पार्षदों की संख्या बल के आधार पर भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी का महापौर बनना लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा का जोर कांग्रेस पार्षदों से भी क्रॉस वोटिंग करवाने पर है।

निर्दलीय पार्षद वंदना का भाजपा को समर्थन

गुरुवार को वार्ड 71 से वंदना फौजदार ने कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी व जिलाध्यक्ष राकेश जैन की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होकर अनुसुइया को समर्थन देने की घोषणा की। भाजपा पार्षदों को गुरुवार सुबह झालावाड़ रोड स्थित एक होटल में शिफ्ट कर दिया गया। कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पार्षद सुबह 11 बजे विधायक संदीप शर्मा के आवास पर एकत्र हुए। यहां से महापौर प्रत्याशी अनुसुइया गोस्वामी समेत अन्य पार्षद कारों से होटल पहुंचे। लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के पार्षद विधायक कल्पना देवी के कार्यालय पर इकट्ठे हुए, यहां से कारों से होटल पहुंचे।

कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पार्षद शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन के कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां से पार्षदों को होटल भेज दिया गया। लंच के बाद भाजपा के रणनीतिकार और सहकार नेता हरिकृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने पार्षदों को महापौर के मतदान की प्रक्रिया समझाई।

बिरला ने कहा कि जनता ने ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का संकल्प पूरा कर दिया है, अब हम सब की जिम्मेदारी बढ़ गई है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के विजन के अनुरूप हर वार्ड को स्मार्ट और समस्या मुक्त बनाने की दिशा में काम करना होगा। जिलाध्यक्ष जैन ने बताया कि सुबह नौ बजे पार्षदों को बसों से मतदान के लिए निगम लाया जाएगा।

कांग्रेस : क्रॉस वोटिंग के लिए हमारे पार्षदों को धमका रहे, डरेंगे नहीं जवाब देंगे

कांग्रेस ने भी महापौर के मतदान के एक दिन पहले पार्टी कार्यालय में पार्षदों की बैठक ली और महापौर के मतदान की प्रक्रिया के बारे में बताया। नेताओं ने कहा कि हमारे पार्षदों को क्रॉस वोटिंग के लिए प्रशासन के माध्यम से धमकाया जा रहा है, मकान तोड़ने की धमकी दी जा रही है। बुधवार रात को ही कांग्रेस के 12 पार्षदों पर कार्रवाई की गई। शहर अध्यक्ष राखी गौतम, पीसीसी महासचिव अमित धारीवाल, पूर्व प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू ने कहा कि भाजपा अपना बोर्ड बनाने के लिए कांग्रेस पार्षदों पर दबाव बना रही है।

सरकारी एजेंसियों के माध्यम से कार्रवाई कर उन्हें प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा सरकार स्वस्थ राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बजाय दबाव और भय का माहौल बना रही है। उन्होंने सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। गौतम ने बताया कि 23 सितंबर को पार्षद सियाराम वर्मा के क्लिनिक पर कार्रवाई की गई, वहीं 24 सितंबर को रघुवीर बैरवा, महेंद्र वर्मा, राममूर्ति और सपना बुर्ट के यहां कार्रवाई की गई। कांग्रेस पार्षद एक साथ सुबह 10 बजे मतदान के लिए निगम पहुंचेंगे। बैठक में उप महापौर प्रत्याशी उतारने पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *