Kolkata Police जांच: पूजा पंडाल में बारिश से बचने के लिए निकास द्वार पर जुटी महिलाओं की भीड़ से मची थी भगदड़

Kolkata Police जांच: पूजा पंडाल में बारिश से बचने के लिए निकास द्वार पर जुटी महिलाओं की भीड़ से मची थी भगदड़

उत्तर कोलकाता के एक पूजा पंडाल में भगदड़ की जांच के प्रारंभिक निष्कर्षों का हवाला देते हुए कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बारिश के कारण कपड़ों को भीगने से बचाने के लिए निकास द्वार पर महिलाओं की भीड़ जमा हो गई थी जिससे भीड़ बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की हुई और भगदड़ मच गई। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि भगदड़ मामले में कोलकाता पुलिस की जांच में भीड़ प्रबंधन में संभावित चूक, महिला स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों की कमी तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय में देरी जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घटना 17 अक्टूबर को शाम करीब साढ़े सात बजे चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई, जब अचानक बारिश होने के कारण निकास द्वार के पास लोगों की भारी भीड़ बढ़ गई थी। अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘शुरुआती जांच के अनुसार, कई महिलाएं निकास द्वार के पास जमा हो गई थीं। उनमें से कुछ पंडाल से बाहर नहीं जाना चाहती थीं क्योंकि उन्हें डर था कि बारिश से उनके कपड़े और मेकअप खराब हो जाएंगे।

जैसे-जैसे भीड़ बढ़ी, लोगों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी जिससे कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।’’
उन्होंने स्पष्ट किया कि सबसे पहले एक व्यक्ति निकास द्वार से करीब 11 फुट की दूरी पर गिरा था। अधिकारी ने बताया कि कोलकाता पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वहां पर्याप्त संख्या में महिला स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। अधिकारी ने बताया कि पूजा आयोजकों द्वारा नियुक्त सुरक्षा एजेंसी के पास पोर्टेबल ‘मैनपैक’ रेडियो संचार उपकरण थे।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि घटना के दौरान एजेंसी के कर्मचारी कहां तैनात थे, क्या उन्हें भीड़ के अचानक बढ़ने की जानकारी मिली थी और अलर्ट मिलने के बाद उन्होंने क्या कार्रवाई की।’’
‘मैनपैक’ रेडियो एक पोर्टेबल संचार प्रणाली है, जिसे पीठ पर टांगकर ले जाया जा सकता है। इसे सैनिकों, सामरिक इकाइयों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए तैयार किया गया है। पुलिस ने भगदड़ की घटना के मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनमें से दो लोगों पर आरोप है कि उन्होंने यह घोषणा करके अफरा-तफरी मचा दी कि पंडाल का एक हिस्सा गिर रहा है। जांच अधिकारी इन लोगों की आवाज के नमूने लेने की अनुमति के लिए अदालत का रुख कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *