मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक खतरनाक मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल होने के बाद महाराष्ट्र के 50 से अधिक कॉलेज छात्रों को लेकर जा रही एक बस खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंडलेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के जाम गेट घाट खंड में शाम करीब सात बजे हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खतरनाक मोड़ पर बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। उन्होंने कहा कि नतीजतन, वाहन सड़क किनारे की रेलिंग को तोड़ते हुए खाई के पास अटक गया। बस में सवार छात्र महाराष्ट्र के थे और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर में एक सेमिनार में भाग लेने आए थे।
सेमिनार के बाद वे जाम गेट होते हुए इंदौर से महेश्वर जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि जाम गेट के नीचे घाट में एक खतरनाक मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल होने से बस चालक ने उस पर नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे लगे पत्थरों के ढेर से बस खाई में गिरने से बच गई।
अधिकारी ने बताया कि अगर बस थोड़ा भी आगे चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने सभी छात्रों को आपातकालीन निकास के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस घटना में किसी छात्र के घायल होने की खबर नहीं है। मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी और डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची तथा सभी छात्रों को निजी वाहनों से सुरक्षित महेश्वर पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में माधव गौशाला स्थित धर्मशाला में प्रशासन द्वारा छात्रों को भोजन और आश्रय प्रदान किया जा रहा है।
फंसे हुए बस को निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली जा रही है।

