सिरोही के अरविंद पवेलियन खेल मैदान पर खण्डेलवाल प्रीमियर लीग (केपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट 6 मई से शुरू होगा। खण्डेलवाल (वैश्य) नवपरगना समाज की युवा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। पांच दिवसीय इस टूर्नामेंट में समाज के कई प्रवासी खिलाड़ी अपना कौशल दिखाएंगे। विजेताओं के लिए आकर्षक इनाम राशि और पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजन कमेटी के लोकेश खण्डेलवाल ने बताया कि यह सामाजिक क्रिकेट प्रतियोगिता प्रतिवर्ष समाज के वार्षिक मेला उत्सव पर आयोजित की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होते हैं। इस बार सिरोही मुख्यालय के अरविंद पवेलियन खेल मैदान पर इसका ग्यारहवां संस्करण आयोजित हो रहा है। आयोजन कमेटी दूसरी बार दुधिया रोशनी में डे-नाइट मैच कराने की तैयारी कर रही है। प्रतियोगिता के दौरान दिन में खेले जाने वाले पांच मैच ग्राउंड बी पर होंगे। इस प्रतियोगिता में कुल 24 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का शुभारंभ 6 मई को दोपहर 3 बजे होगा, जबकि फाइनल मैच 10 मई को शाम 5 बजे शुरू होगा। आयोजन के लिए खेल मैदान पर पिच निर्माण सहित अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह पूरा आयोजन समाज के भामाशाहों के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के फाइनल विजेता को 55 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी और उपविजेता को 41 हजार रुपए और ट्रॉफी मिलेगी। मैन ऑफ द सीरीज विजेता को 21 हजार रुपए और ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी मैच हार्ड टेनिस बॉल से खेले जाएंगे। केपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में खण्डेलवाल समाज की कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं। इनमें विराट सुपर किंग सूरत, मारवाड़ टाइटंस, चेन्नई वॉरियर्स, चेन्नई सुपर किंग, राजस्थान सुपरजेंट्स, स्पोर्टंस, साउथर्न स्टार, आमची मुम्बई, पुणे वॉरियर्स, मरुधरा, कर्नाटक रॉयल चैलेंजर आरसीबी, मुम्बई इलेवन ए, मैसूर रॉयल बॉयस और गुजरात वॉरियर्स शामिल हैं।


