कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के विकास नगर (बीमा चौराहे के पास) में एक बार फिर पालतू डॉग के हमले से सनसनी फैल गई। पिछले वर्ष 19 मार्च को 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान लेने वाला जर्मन शेफर्ड डॉग ‘राबर्ट’ बीती देर रात फिर आक्रामक हो गया और घर में मौजूद बुजुर्ग बहू किरण त्रिवेदी पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने आनन-फानन उन्हें सर्वोदय नगर स्थित रतनदीप अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
देर रात हुआ हमला, घर में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे यह घटना उस समय हुई, जब घर में सीमित लोग मौजूद थे। कुत्ता अचानक उग्र हो गया और किरण त्रिवेदी पर टूट पड़ा। हमले के दौरान उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनके हाथ बुरी तरह जख्मी हो चुके थे। परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि बाद में परिजनों की ओर से यह भी कहा गया कि वह घर में पड़े कबाड़ पर गिरकर घायल हुई हैं, जिससे घटना को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही।
पहले भी ले चुका है जान, दहशत में लोग
यह वही डॉग है जिसने पिछले वर्ष 19 मार्च को 90 वर्षीय मोहिनी त्रिवेदी पर हमला कर उनकी जान ले ली थी। उस समय मोहिनी त्रिवेदी ने डॉग को छड़ी से डराने का प्रयास किया था, जिससे वह और आक्रामक हो गया। घटना के समय घर में उनकी बहू किरण त्रिवेदी और पौत्र प्रशांत मौजूद थे, लेकिन दोनों के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वे समय पर मदद नहीं कर सके। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन कुत्ते के डर से कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका था।
हलफनामे पर छोड़ा गया था डॉग
घटना के बाद नगर निगम की टीम ने डॉग को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया था। हालांकि करीब 20 दिन बाद मृतका के पौत्र प्रशांत ने हलफनामा देकर डॉग को छुड़ा लिया। हलफनामे में यह भी उल्लेख किया गया था कि भविष्य में अगर कुत्ता किसी पर हमला करता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी परिवार की होगी। इसके बावजूद एक बार फिर उसी डॉग द्वारा हमला किए जाने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
नगर निगम करेगा कार्रवाई, शेल्टर होम भेजा जाएगा
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने बताया कि डॉग का नगर निगम में पंजीकरण है। पहले की घटना के बाद चेतावनी दी गई थी, लेकिन अब दोबारा हमला सामने आने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नगर निगम की टीम मौके पर भेजी जाएगी और डॉग को पकड़कर शेल्टर होम में रखा जाएगा।


