Crime News:कानपुर में सोना खरीदने की उम्मीद लेकर ग्वालियर से कानपुर पहुंचे व्यापारी को एक युवक ने 80 हजार रुपये का चूना लगा दिया। सोना दिलाने का भरोसा देकर युवक ने व्यापारी को मिलने के लिए बुलाया और रुपये लेने के बाद सोना लेकर आने की बात कहकर वहां से चला गया। काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद जब युवक वापस नहीं लौटा तो व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर पनकी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोना खरीदने के लिए ग्वालियर से आए थे कानपुर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी बलदेव अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 30 अक्तूबर को ग्वालियर से कानपुर आए थे। यहां उनकी राहुल शर्मा नाम के युवक से सोना खरीदने को लेकर बातचीत हुई थी। दोनों के बीच सोने का सौदा तय होने के बाद राहुल ने उन्हें 31 अक्तूबर की शाम करीब 5:30 बजे भोती बाईपास के नीचे तिराहे पर बुलाया।
80 हजार रुपये लेकर सोना लाने की बात कहकर चला गया
व्यापारी के मुताबिक, तय समय पर वह बताए गए स्थान पर पहुंचे तो राहुल शर्मा उनसे मिला। बातचीत के दौरान राहुल ने उनसे 80 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद सोना लेकर आने की बात कहकर वहां से चला गया। व्यापारी काफी देर तक उसके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह वापस नहीं आया। उसका फोन और संपर्क भी नहीं हो सका। काफी इंतजार के बाद व्यापारी को अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपित की तलाश
इसके बाद बलदेव अग्रवाल ने पनकी थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि व्यापारी की तहरीर के आधार पर राहुल शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

