JPSC परीक्षा धांधली: Jharkhand के 7 आरोपियों पर CID ने मारे छापे

JPSC परीक्षा धांधली: Jharkhand के 7 आरोपियों पर CID ने मारे छापे

अपराध अन्वेषण ब्यूरो (सीआईडी) ने बृहस्पतिवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट तामील कराने के लिए राज्य में कई स्थानों पर छापेमारी की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, वांछित आरोपियों में रांची जिले के आदित्य पांडे व पवन कुमार सिंह, पलामू जिले के रविशंकर कुमार व संतोष कुमार सिंह, बोकारो के सनंद प्रकाश, हजारीबाग के ललू कुमार यादव और गिरिडीह के सौरव कुमार पांडे शामिल हैं।

सीआईडी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “आरोपियों की तलाश में राज्य में कई स्थानों पर छापे मारे गए। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।”
बयान के अनुसार, सीआईडी द्वारा गठित एक टीम ने जांच के दौरान मिले ओएमआर की कार्बन प्रतियों का मिलान और बारीकी से जांच शुरू की ताकि मामले में साक्ष्य जुटाए जा सकें। सीआईडी ने इस मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते भी शामिल हैं।

जांच एजेंसी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *