जोधपुर। नगर निगम के 100 वार्डों के मतदान की गणना गणेश चतुर्थी पर सोमवार सुबह आठ बजे राजकीय पाॅलिटेक्निक महाविद्यालय में शुरू हो चुकी है। 7,12,164 मतदाताओं में से 5,12,410 मतों की गणना की जा रही है। इसी के साथ 385 प्रत्याशियों की जीत व हार का फैसला होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर आलोक रंजन ने इस संबंध में तैयारियों को अंतिम रूप दिया। निगम के 100 वार्ड के लिए कांग्रेस व भाजपा के 100-100 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं 152 निर्दलीय, आप पार्टी के आठ, बसपा के तीन, 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। निगम क्षेत्राधिकार में 7.12,164 मतदाता है। इनमें से 5,12,410 वोटर्स ने मत दिए थे।
100 वार्ड के लिए 10 कक्ष, 87 ईवीएम टेबल
निर्वाचन विभाग ने मतगणना के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में व्यवस्था की गई है। 100 वार्ड के लिए अलग-अलग 10 कक्षों में व्यवस्था की गईं है। ईवीएम मशीनों के लिए प्रत्येक दस-दस वार्ड के हिसाब से 87 टेबलें लगीं और उसी के तहत मतगणना की जा रही है। गत 11 सितम्बर को निगम के 100 वार्ड में 729 पोलिंग बूथ पर मतदान करवाए गए थे। मतदान के बाद सभी ईवीएम पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बनाए स्ट्रांग रूम में रखी गई। तीन पारियों में हथियारबंद सुरक्षा गार्ड तैनात हैं।
भाजपा- 5-7 निर्दलीय प्रत्याशियों से सम्पर्क में
नगर निगम चुनाव के लिए मतदान के बाद भाजपा के सभी 100 प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी गई है। प्रत्याशियों की चुनाव में जीत व बोर्ड बनाने को लेकर भाजपा की ओर से केन्द्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, प्रदेश के संसदीय मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यमंत्री केके विश्नोई ने मोर्चा संभाल रखा है। जो बाड़ेबंदी में अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने के साथ-साथ जीतने वाले संभावित निर्दलीय प्रत्याशियों से भी सम्पर्क साध रहे है। पार्टी की ओर से ऐसे निर्दलीय प्रत्याशियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिनकी जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है। पार्टी की ओर से मतदान समाप्त होते ही 5-7 निर्दलीय उम्मीदवारों से संपर्क किया जा चुका हैं। ये निर्दलीय स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने पर शहरी सरकार बनाने के समीकरण में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
प्रत्याशी दो दिन से बाड़ेबंदी में
भाजपा के सभी 100 प्रत्याशी दो दिन से बाड़ेबंदी में है। मतदान खत्म होने के बाद भाजपा अपने सभी 100 प्रत्याशियों को बालोतरा-नाकोड़ा रवाना कर दिया। जहां रविवार को केन्द्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत पहुंचे और प्रत्याशियों के साथ गाना गया, कैरम खेला व अन्य मनोरजंजन गतिविधियां की। वहीं मतदान होने के दो दिन बाद और मतगणना से एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस ने भी सभी प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी की। सभी प्रत्याशियों को विधानसभावार अलग-अलग होटलों में बुलाया गया, जहां से उन्हें मण्डोर में नौ मील के पास एक अन्य होटल में ले जाकर बाड़ेबंदी की गई। ऐसी संभावना है कि विजेता का प्रमाण पत्र लेने के लिए नवनिर्वाचित पार्षद की बजाय एजेंट को मतगणना स्थल भेजा जा सकता है। परिणाम अनुकूल रहने पर स्थान बदलने की तैयारी है।

