बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और बदसलूकी के चर्चित मामले का मुख्य आरोपी नंदन यादव मंगलवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, फरार आरोपी नंदन यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था।
इसी दौरान पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, दूसरे फरार आरोपी हरेराम यादव के भी घायल होने की सूचना है।
उसकी तलाश और मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है। यह मामला 19 सितंबर की शाम जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ इलाके में सामने आया था। कोचिंग से लौट रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को स्कूटी से जाते समय 6-7 युवकों ने रोक लिया था।
आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ गाली-गलौज, मारपीट की और छात्रा से अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद व्यापक आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर करीब सात आरोपियों की पहचान की है।
तीन नाबालिग आरोपियों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। मामले में पोक्सो अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) मामले की जांच कर रहा है।
जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

