Jalore News: 5 घंटे तक बिजली के तारों पर लटका रहा बेटा, मौत की खबर सुनकर भागे पिता, रास्ते में हुआ भीषण एक्सीडेंट

Jalore News: 5 घंटे तक बिजली के तारों पर लटका रहा बेटा, मौत की खबर सुनकर भागे पिता, रास्ते में हुआ भीषण एक्सीडेंट

जालोर/मांडवला। बिशनगढ़ थाना क्षेत्र के बालवाड़ा गांव में बिजली के फॉल्ट को ठीक करने खंभे पर चढ़े एक एफआरटी कर्मचारी की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचनाओं के आदान-प्रदान में लापरवाही को मौत का कारण बताया जा रहा है, हालांकि डिस्कॉम के अधिकारी इस बात से इनकार कर रहे हैं।

यह वीडियो भी देखें

सुबह मौत के बाद दोपहर तक परिजनों और समाज के लोगों ने विरोध किया। सहमति और समझाइश के बाद दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। जानकारी के अनुसार एफआरटी कर्मचारी अखाराम 11 केवी लाइन पर शटडाउन लेने के बाद कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि कार्य जारी था और इस बीच ही लाइनमैन ने लाइन क्लीयर की सूचना दे दी, जिसके बाद सप्लाई शुरू कर दी गई और एफआरटी कर्मचारी को करंट लग गया।

इस दौरान वह छिटककर तारों पर ही लटक गया और कुछ ही देर में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि डिस्कॉम के अधिकारी इस बात से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि शटडाउन लिया गया था और उसके मात्र 15 मिनट बाद ही यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता बाइक से घर से रवाना हुए, लेकिन रास्ते में एक कैंपर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए।

5 घंटे से अधिक पोल पर लटका रहा शव

एफआरटी कार्मिक अखाराम मेघवाल की मौत के बाद उसका शव 5 घंटे से अधिक समय तक पोल और तारों के बीच लटका रहा। दोपहर तक चले विवाद के बाद समझाइश का दौर चला। आखिरकार 11 लाख रुपए के मुआवजे समेत अन्य परिलाभ के आश्वासन के बाद परिवारजन सहमत हुए और शव को उतारा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।

फॉल्ट की सूचना पर रिपेयर कार्य चल रहा था

सायला डिस्कॉम एक्सईएन लालचंद का कहना है कि मौके पर फॉल्ट की सूचना पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। कार्य शुरू करने से पहले लाइनमैन ने शटडाउन लिया था। इस दौरान कार्य शुरू करने के मात्र 15 मिनट बाद ही थलुंडा गांव निवासी एफआरटी कार्मिक अखाराम मेघवाल (35) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। परिजनों ने कार्य जारी रहने पर बिजली सप्लाई शुरू करने का आरोप लगाया, हालांकि अधिकारियों ने इस बात को खारिज किया।

पिता रवाना हुए, मौके पर नहीं पहुंच पाए

इधर, हादसे की सूचना पर मृतक के पिता रूपाराम व दो अन्य परिचित बाइक पर रवाना हुए। इस दौरान आंवलोज के पास एक कैंपर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर के पीछे चोट लगी है, वहीं दोनों पैर टूट गए हैं। उनके साथ बाइक पर आ रहे पप्पूराम और वालाराम को भी चोटें आईं। गंभीर घायल रूपाराम को रेफर किया गया।

इन्होंने कहा

समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। मृतक के चाचा की रिपोर्ट पर लाइनमैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • मनोज कुमार, थानाधिकारी, बिशनगढ़

टॉपिक एक्सपर्ट

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रॉपर शटडाउन के बाद ही मरम्मत कार्य शुरू किया गया था। शटडाउन के मात्र 15 मिनट बाद ही यह हादसा हुआ। हादसे के कारणों की जांच करवाई जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर आशंका है कि शादी के सीजन में किसी समारोह में जनरेटर संचालन के दौरान किसी स्थान से विद्युत लाइन में बैक फीड हुआ, जिससे कार्य कर रहे कार्मिक को जोर का झटका लगा, जो उसकी मौत का कारण बना।

  • लालचंद, एक्सईएन, डिस्कॉम, सायला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *